नोएडा में 100 किलो दूषित रसगुल्ले मिले |
रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य विभाग का जांच अभियान लगातार जारी है। सोमवार को विभाग की टीमों ने अलग-अलग जगहों पर जांच करते हुए 7 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
नोएडा के सेक्टर-72 स्थित सर्फाबाद गांव में जांच के दौरान एक रसगुल्ला निर्माणशाला में करीब 100 किलो दूषित रसगुल्ले मिले। अधिकारियों के मुताबिक, रसगुल्लों में मरी हुई मक्खियां और मच्छर पड़े थे।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला की जांच की थी। टीम ने रसगुल्ले का एक नमूना जांच के लिए लिया और बाकी करीब 100 किलो रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट करा दिए।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और रविन्द्र नाथ वर्मा की टीम ने देर रात जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग की। इस दौरान चौधरी डेरी, पिसावा जलालपुर, अलीगढ़ से दिल्ली जा रही एक गाड़ी को रोका गया, जिसमें पनीर भरा था। टीम ने पनीर का एक नमूना लिया।
वहीं बाजना, मथुरा की भीमसेन डेरी की गाड़ी से भी दिल्ली-एनसीआर में पनीर की सप्लाई की जा रही थी। टीम ने वहां से भी पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया।