नोएडा में प्रदूषण AQI 305, कई इलाकों में 300 पार |
नोएडा: दीपावली आने में अभी वक्त है, लेकिन नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा अभी से लोगों का दम घोंटने लगी है। शहर के आसमान में स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है और प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया है। यानी अब खुली हवा में सांस लेना भी लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नोएडा का औसत AQI 305 दर्ज किया गया है, जो प्रदूषण की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। वहीं, अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण
आंकड़ों पर नजर डालें तो नोएडा के सेक्टर-78 में AQI 311 दर्ज किया गया है। वहीं ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 में 309 और नॉलेज पार्क-2 में 308 AQI रिकॉर्ड हुआ है। इसके अलावा ओमिक्रॉन-1ए में 297, सेक्टर-94 में 295, सेक्टर-36 में 294 और सेक्टर-128 में 287 AQI दर्ज किया गया है।
शहर के अन्य इलाकों की स्थिति भी राहत देने वाली नहीं है। सेक्टर-29 में AQI 283, सेक्टर-52 में 268 और सेक्टर-100 में 266 दर्ज किया गया है।
बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ सकती है परेशानी
लगातार बिगड़ती हवा का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है। चिकित्सकों ने लोगों को सुबह और शाम के समय बाहर निकलने से बचने और प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क लगाने की सलाह दी है।
वहीं, प्रशासन की ओर से प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन हवा की बिगड़ती गुणवत्ता आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में सवाल है कि दीपावली से पहले ही जब नोएडा की हवा का यह हाल है, तो आने वाले दिनों में स्थिति कितनी चुनौतीपूर्ण हो सकती है?