Sunday, August 16, 2026 09:56:18 AM

अव्यान मौत मामला, पिता ने की कार्रवाई की मांग
अव्यान की मौत पर पिता ने ठेकेदार और अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रेटर नोएडा में अव्यान की मौत के बाद पिता ने अधिकारियों और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, सख्त कार्रवाई और सुरक्षा मानकों की जांच की मांग की है।

अव्यान की मौत पर पिता ने ठेकेदार और अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप निष्पक्ष जांच की मांग
अव्यान मौत मामला, पिता ने की कार्रवाई की मांग |

सोसायटी में खुले बोरिंग गड्ढे में डूबकर जान गंवाने वाले मासूम अव्यान के पिता ने अधिकारियों और बोरिंग कराने वाले ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य और अव्यान के पिता सीवान यादव ने पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सीवान यादव ने कहा कि उनके बेटे की मौत केवल एक हादसा नहीं, बल्कि जिम्मेदार लोगों की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने मांग की कि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो, इसके लिए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रार्थना-पत्र के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अव्यान अपने साथी लवकुश के साथ सोसायटी की पार्किंग नंबर-1 के पास क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद खुले गड्ढे में चली गई। गेंद निकालने की कोशिश में अव्यान गड्ढे में गिर गया और डूब गया।

लवकुश के शोर मचाने पर सोसायटी निवासी हरमीत रतन और अन्य लोगों ने करीब 10 मिनट की कोशिश के बाद अव्यान को बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पीड़ित पिता का कहना है कि यदि गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टिव मार्किंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित एजेंसी और ठेकेदार ने निर्माण स्थल पर जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया।

उन्होंने पुलिस से यह भी मांग की है कि जांच में यह पता लगाया जाए कि खुदाई शुरू करने से पहले रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि अनुमति ली गई थी, तो उससे जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।

इसके साथ ही उन्होंने सोसायटी और आसपास के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, वर्क ऑर्डर, अनुबंध, अनुमति पत्र, निरीक्षण रिपोर्ट, सुरक्षा अनुपालन रिकॉर्ड और अन्य संबंधित सरकारी दस्तावेज जब्त करने की भी मांग की है।

सीवान यादव ने प्रत्यक्षदर्शी लवकुश, अव्यान को गड्ढे से बाहर निकालने वाले हरमीत रतन और अन्य लोगों के बयान दर्ज करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि उनके बेटे की मौत इसलिए नहीं हुई क्योंकि वह खेल रहा था, बल्कि इसलिए हुई क्योंकि सार्वजनिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वालों ने अपने कानूनी और नैतिक दायित्वों का पालन नहीं किया।

इस बीच सफीपुर स्थित श्मशान घाट में अव्यान का अंतिम संस्कार किया गया। पिता और 13 वर्षीय बड़े भाई ने उसे मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में सोसायटी के लोग मौजूद रहे। मां का रो-रोकर बुरा हाल था और पिता भी पूरे समय लापरवाह व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शव को श्मशान घाट ले जाते समय कुछ रिश्तेदार पीछे रह गए थे। उन्होंने शव वाहन को कुछ देर रोकने का अनुरोध किया, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं मानी। आरोप है कि इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें वाहन से जबरन नीचे उतार दिया, जिससे उनके हाथ में चोट भी आई। इसके बाद शव वाहन आगे रवाना हो गया।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें