यमुना घाट से 1280 किलो कचरा साफ |
नोएडा। मध्य प्रदेश की अजनार नदी के कायाकल्प के लिए पहचाने जाने वाले सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू तबाही मंगलवार सुबह अपनी टीम के साथ नोएडा पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-94 स्थित युवा शक्ति घाट पर सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में शहर के कई वालंटियर्स ने भी उनका साथ दिया।
बिट्टू तबाही अपनी टीम के साथ सुबह करीब 6 बजे यमुना घाट पहुंचे और सफाई शुरू की। अभियान सुबह करीब 11 बजे तक, यानी लगभग पांच घंटे चला।
बिट्टू तबाही का दावा है कि इस दौरान यमुना घाट से करीब 1280 किलो कचरा इकट्ठा किया गया।
प्लास्टिक से लेकर मूर्तियों के अवशेष तक मिले
सफाई के दौरान यमुना किनारे बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन, फटे कपड़े, सड़ी-गली फूल-मालाएं और मूर्तियों के अवशेष मिले। टीम और स्थानीय वालंटियर्स ने इन चीजों को घाट से हटाकर सफाई की।
बिट्टू तबाही लगातार नदियों और पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान चला रहे हैं। उनके काम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर द ओशन क्लीनअप जैसी संस्थाओं द्वारा भी सराहना किए जाने की बात कही गई है।
दिल्ली और गुरुग्राम में तीन दिवसीय सफाई अभियान के बाद इसके अंतिम चरण में उनकी टीम नोएडा के यमुना घाट पहुंची।
नोएडा में चले इस अभियान के जरिए यमुना किनारे फैले कचरे की समस्या भी एक बार फिर सामने आई है।