बाइक हादसा में दो युवकों की मौत |
बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, सचिन (19) निवासी ग्राम आमगांव, थाना राठ, जिला हमीरपुर, जो फिलहाल ऐच्छर में रह रहे थे, और मनी (19) निवासी न्यूरिया, थाना बिवांर, जिला हमीरपुर, जो वर्तमान में ओमिक्रोन क्षेत्र में रह रहे थे, एक ही बाइक पर सवार थे।
दोनों नवादा गोल चक्कर से डोमिनोज गोल चक्कर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अवध ग्रीन कट के सामने एक कार चालक ने कथित लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं, मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।