ग्रेटर नोएडा ऑनलाइन ऑर्डर डिवाइस पैकेट में गोबर |
अगर आप भी घर बैठे ऑनलाइन शॉपिंग करना पसंद करते हैं, तो यह खबर आपको हैरान कर सकती है। ग्रेटर नोएडा के समसपुर गांव में रहने वाले एक युवक ने कामकाज के लिए एक वेबसाइट से एंड्रॉयड डिवाइस ऑनलाइन ऑर्डर किया था। ऑर्डर करते समय उसने डिवाइस की पूरी कीमत भी ऑनलाइन चुका दी थी। लेकिन जब पार्सल उसके घर पहुंचा और उसने पैकेट खोला, तो अंदर डिवाइस की जगह गोबर भरा हुआ था।
घटना सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। कोरियर कर्मचारी युवक के घर पार्सल लेकर पहुंचा। पार्सल मिलने के बाद युवक आकाश नागर ने जब उसे खोला तो अंदर एंड्रॉयड डिवाइस की जगह गोबर देखकर वह हैरान रह गया।
आकाश नागर के मुताबिक, उन्होंने कुछ दिन पहले एक वेबसाइट से एंड्रॉयड डिवाइस ऑनलाइन बुक किया था। बुकिंग के समय ही उन्होंने इसकी पूरी कीमत ऑनलाइन भुगतान कर दी थी। उनका आरोप है कि ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।
साइबर सेल में दर्ज कराई शिकायत
पैकेट में डिवाइस की जगह गोबर मिलने के बाद आकाश ने तुरंत मामले की शिकायत की। उन्होंने सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दनकौर कोतवाली की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ऑनलाइन ऑर्डर और पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि युवक तक पहुंचाए गए पार्सल में एंड्रॉयड डिवाइस की जगह गोबर कैसे पहुंचा और इस मामले के पीछे कौन जिम्मेदार है।