नशे के खिलाफ एमिटी के युवाओं ने भरी दौड़ |
युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए एमिटी विश्वविद्यालय में 'नशा मुक्त युवा- विकसित भारत' मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन में हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भागीदारी का संकल्प लिया।
मैराथन को एमिटी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. बलविंदर शुक्ला, एमिटी विश्वविद्यालयों के समूह कुलपति डॉ. गुरिंदर सिंह और एंटी नारकोटिक्स चेयरपर्सन डॉ. एसके श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नशे से दूर रहकर ही बनेगा विकसित भारत
इस मौके पर कुलपति डॉ. बलविंदर शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से फिक्की द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मैराथन का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं का नशे से दूर रहना जरूरी है। इसके लिए योग, ध्यान, खेल और अच्छी सोच को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए।
वहीं, समूह कुलपति डॉ. गुरिंदर सिंह ने कहा कि देश के विकास में नशा मुक्त युवाओं की सबसे अहम भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे न खुद नशा करें और न ही दूसरों को इसकी लत लगने दें।
छात्रों ने लगाए नशे के खिलाफ नारे
मैराथन के दौरान विद्यार्थियों ने 'हमारा बस एक ही सपना, नशा मुक्त हो देश अपना' और 'नशा छोड़ो, जीवन संवारो' जैसे नारे लगाए। छात्रों ने खुद नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) डॉ. लक्ष्मी आहूजा, डीन (साइंस एंड टेक्नोलॉजी) डॉ. सुनीता रतन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।