डुंढेरा ग्राम सचिवालय छत गिरी |
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के गांव डुंढेरा में ग्राम सचिवालय की छत अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। ग्राम सचिवालय के मुख्य हाल की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई बच्चा या ग्रामीण मौजूद नहीं था, वरना स्थिति गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सचिवालय का भवन काफी पुराना होने के साथ-साथ लंबे समय से जर्जर हालत में था। उनका दावा है कि करीब दो महीने पहले यमुना प्राधिकरण की ओर से भवन में रिपेयरिंग का काम कराया गया था। हालांकि, प्राधिकरण की ओर से रिपेयरिंग कराए जाने से इनकार किया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, ग्राम सचिवालय के आसपास बच्चे अक्सर खेलते रहते हैं। जिस समय छत गिरी, उस वक्त बच्चे वहां मौजूद नहीं थे। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा देखकर घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों का सवाल है कि अगर भवन में दो महीने पहले मरम्मत का काम हुआ था, तो इसके बावजूद छत कैसे गिर गई? उनका आरोप है कि मरम्मत के बाद भी भवन की हालत सुरक्षित नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से ग्राम सचिवालय की तकनीकी जांच कराने और जर्जर हिस्से को तत्काल हटाकर सुरक्षित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते बाकी हिस्से की स्थिति का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।