5 हजार महिलाओं को इंडक्शन |
विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन अमेठी में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। सभी दल जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी की विधायक महराजी प्रजापति ने अपने पति और पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के जन्मदिन पर बड़ा जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया।
इस कार्यक्रम में करीब 5,000 गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को मुफ्त इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हे वितरित किए गए। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और उसकी उपलब्धता से जुड़ी परेशानियों के बीच इस पहल को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
महराजी प्रजापति ने कहा कि यह पूरा वितरण उनके विधायक वेतन से किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति हमेशा गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की मदद को प्राथमिकता देते रहे हैं। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अपना वेतन क्षेत्र की महिलाओं के लिए समर्पित किया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दलित, पिछड़े और मुस्लिम समुदाय की महिलाओं को इंडक्शन चूल्हे दिए गए। वहीं, अमेठी की राजनीति में गायत्री प्रसाद प्रजापति को अब भी पिछड़े वर्ग के प्रभावशाली नेता के रूप में देखा जाता है। उनकी अनुपस्थिति में विधायक महराजी प्रजापति उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रही हैं।
इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्य अरुण कुमार प्रजापति और विधायक प्रतिनिधि अनुराग प्रजापति भी क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं और संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कार्यक्रम सिर्फ जनसेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति का भी हिस्सा माना जा रहा है। उनका कहना है कि समाजवादी पार्टी इस अभियान के जरिए अपने पारंपरिक पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। वहीं, भाजपा और कांग्रेस भी अमेठी में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय हैं।