Friday, November 13, 2026 08:11:47 PM

सपा के पाप का घड़ा बनाम भाजपा पलटवार
उत्तर प्रदेश में ‘पाप का घड़ा’ लेकर आमने-सामने BJP-SP, कौन फोड़ेगा किसका घड़ा?

सपा के 34वें स्थापना दिवस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘सपा के पाप का घड़ा’ फोड़ा और 34 मामलों का जिक्र किया। इसके बाद सपा की ओर से भी भाजपा पर पलटवार किया गया।

उत्तर प्रदेश में ‘पाप का घड़ा’ लेकर आमने-सामने bjp-sp कौन फोड़ेगा किसका घड़ा
सपा के पाप का घड़ा बनाम भाजपा पलटवार |

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के 34वें स्थापना दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश की सियासत में ‘पाप के घड़े’ को लेकर बयानबाजी तेज हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रविवार को सपा के शासनकाल से जुड़े विवादों, घटनाओं और कथित घोटालों का जिक्र करते हुए एक घड़ा फोड़ा। इस घड़े पर ‘सपा के पाप का घड़ा’ लिखा हुआ था।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पंकज चौधरी ने सपा के 34 साल के राजनीतिक सफर से जुड़े 34 मामलों और कारनामों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की तीन सरकारों के कार्यकाल को देखें तो विकास कार्यों की तुलना में विवाद और कांड ज्यादा नजर आते हैं।

उन्होंने रामपुर तिराहा कांड, लखनऊ गेस्ट हाउस कांड, मुजफ्फरनगर दंगा, सहारनपुर दंगा, मथुरा का जवाहर बाग कांड, बुलंदशहर हाईवे गैंगरेप, बदायूं कांड, लैपटॉप योजना में कथित गड़बड़ी और जल निगम भर्ती घोटाले जैसे मामलों का उल्लेख किया।

पंकज चौधरी ने 1994 के रामपुर तिराहा कांड और 1995 के लखनऊ गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए सपा की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाए। वहीं, उन्होंने 2012 में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद सत्ता में परिवार की भूमिका, करीब 50 विभाग अपने पास रखने और कुछ जिलों में बिजली आपूर्ति को प्राथमिकता देने जैसे आरोप भी लगाए।

जेपीएनआईसी परियोजना को लेकर भी भाजपा ने सवाल उठाए। पंकज चौधरी के मुताबिक, परियोजना की लागत 265 करोड़ रुपये से बढ़कर 865 करोड़ रुपये हो गई और 821 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह अधूरी रही।

वहीं, सपा की ओर से भाजपा पर भी आरोप लगाए गए हैं। इसी सियासी बयानबाजी के बीच सवाल यह है कि अगर ‘पाप का घड़ा’ फोड़ने की राजनीति हो रही है, तो क्या इसका दायरा सिर्फ भाजपा और सपा तक सीमित रहना चाहिए या फिर बसपा, कांग्रेस और दूसरे राजनीतिक दलों के शासनकाल और उनसे जुड़े विवादों पर भी सवाल उठने चाहिए?

फिलहाल दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे के शासनकाल और राजनीतिक रिकॉर्ड को लेकर आमने-सामने हैं और ‘पाप के घड़े’ की यह सियासत उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें