सुल्तानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र की शाहगंज पुलिस चौकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा नेत्री पूजा कसौधन पुलिस की मौजूदगी में एक व्यक्ति को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान चौकी प्रभारी मौके पर मौजूद होने के बावजूद कोई हस्तक्षेप करते नजर नहीं आते।
वायरल वीडियो में थप्पड़ मारने के बाद भाजपा नेत्री कथित तौर पर यह कहते हुए भी सुनाई दे रही हैं कि अब तुम अपनी औकात भूल जाओगे। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
यदि वीडियो सही पाया जाता है, तो यह मामला केवल मारपीट का नहीं बल्कि पुलिस चौकी के भीतर कानून व्यवस्था और उसकी गरिमा से भी जुड़ा माना जा रहा है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि पुलिस की मौजूदगी में इस तरह की घटना कैसे हुई और मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेत्री पूजा कसौधन का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। ऐसे में इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन और भाजपा संगठन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होती है या नहीं।