वैज्ञानिक बने डॉ. राम सिंह का भव्य सम्मान |
ग्राम ईशनपुर निवासी डॉ. राम सिंह के भारत सरकार में ग्रुप 'ए' राजपत्रित वैज्ञानिक एवं सहायक प्राध्यापक पद पर चयन होने पर उनके सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और ग्रामवासियों ने उनका सम्मान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. राम सिंह, स्वर्गीय अनेक सिंह के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और शोध के प्रति समर्पण के दम पर भारतीय भू-चुंबकत्व संस्थान, मुंबई से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में पोस्ट-डॉक्टोरल शोधकार्य किया।
इसके अलावा उन्होंने दक्षिण कोरिया में अनुसंधान वैज्ञानिक और अमेरिका के पेरू/कॉर्नेल विश्वविद्यालय में शोधकर्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में उनकी नियुक्ति तमिलनाडु के तिरुनेलवेली स्थित भारत सरकार के संस्थान में वैज्ञानिक के पद पर हुई है।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राम सिंह की यह उपलब्धि केवल ईशनपुर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और प्रतिभा के बल पर डॉ. राम सिंह ने जो मुकाम हासिल किया है, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
वक्ताओं ने विश्वास जताया कि डॉ. राम सिंह विज्ञान, अनुसंधान और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अपने कार्यों से देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेंगे।
इस अवसर पर किताब सिंह, अनार सिंह, होशियारी सिंह, ग्राम प्रधान रज्जन लोधी, मंगल सिंह, प्रेम सिंह, महिपाल सिंह, छात्रपाल सिंह, राहुल लोधी, के.पी. सिंह, सुरेंद्र प्रधान, प्यारेलाल वर्मा, राजवीर सिंह (प्रधान), नत्थू सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे।