Friday, July 04, 2025 05:47:35 PM

रेखा गुप्ता के आवास पर विवाद
रेनोवेशन या शाही ठाठ? सीएम रेखा गुप्ता के बंगले पर विपक्ष ने साधा निशाना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नए सरकारी आवास के 60 लाख रुपये के रेनोवेशन पर उठा राजनीतिक विवाद। विपक्ष ने खर्च पर उठाए सवाल।

रेनोवेशन या शाही ठाठ सीएम रेखा गुप्ता के बंगले पर विपक्ष ने साधा निशाना
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता | पाठकराज
पाठकराज

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नए सरकारी आवास पर रेनोवेशन को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। राजधानी में जहां आम लोग बिजली-पानी की समस्याओं, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री के लिए 60 लाख रुपये की लागत से बंगले की सजावट और इलेक्ट्रिकल फिटिंग्स पर भारी खर्च किए जाने को लेकर विपक्षी दलों ने कड़ा ऐतराज जताया है।

 

बंगले के लिए 60 लाख का टेंडर, निर्माण नहीं सिर्फ इंटीरियर पर खर्च

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने रेखा गुप्ता को आवंटित बंगला नंबर-1 के रेनोवेशन के लिए 60 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। खास बात यह है कि यह राशि किसी निर्माण कार्य पर नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिकल, फर्निशिंग और इंटीरियर फिटिंग्स पर खर्च की जाएगी।

बंगला, जो पहले उपराज्यपाल का कार्यालय था, अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आधिकारिक निवास होगा। पीडब्ल्यूडी दस्तावेज़ों के अनुसार, बंगले में मौजूद छोटे-छोटे कक्षों को रेसिडेंशियल सेटअप में बदलने के लिए बड़े पैमाने पर फर्निशिंग की जरूरत है।

 

क्या-क्या होगा बंगले में?

जारी टेंडर के अनुसार, बंगले में:

  • 14 AC (2 टन): ₹7.7 लाख

  • 5 स्मार्ट टीवी: ₹9.3 लाख

  • 115 डेकोरेटिव लाइट्स व 3 झूमर: ₹6.03 लाख

  • 14 CCTV कैमरे: ₹5.73 लाख

  • 23 प्रीमियम सीलिंग फैन + 16 वॉल फैन: ₹1.8 लाख

  • UPS सिस्टम: ₹2 लाख

  • OTG, डिश वॉशर, गैस स्टोव, माइक्रोवेव, वॉशिंग मशीन: कुल ₹3.17 लाख

  • 6 गीजर: ₹91,000

यह बंगला टाइप-7 श्रेणी का है जिसमें चार बेडरूम, एक ड्राइंग रूम, एक बिजनेस हॉल, विज़िटर रूम, स्टाफ रूम, लॉन, बैक यार्ड और सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं।

 

'मायामहल' या मुख्यमंत्री आवास? विपक्ष का हमला

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अभी तक अपने शालीमार बाग स्थित निजी निवास में रह रही थीं। जैसे ही बंगले के रेनोवेशन से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक हुई, विपक्ष ने इसे 'शाही ठाठ' करार देते हुए हमला बोल दिया।

आप का तंज:

आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा:

"CM रेखा गुप्ता के 'मायामहल' में लगेंगे करोड़ों रुपये! जब जनता बिजली, पानी, महंगाई और अपराध से जूझ रही है, तब CM अपने बंगले में झूमर, टीवी और AC पर लाखों खर्च कर रही हैं!"

 

कांग्रेस की प्रतिक्रिया:

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर पोस्ट कर कटाक्ष किया:

"शीश महल करते-करते अब रंग महल! एक नहीं दो बंगले! और रेनोवेशन सुनकर होश उड़ जाएंगे — AC, झूमर, वॉशिंग मशीन, लाइट्स और सजावट... मज़े ही मज़े!"

 

बीजेपी के पुराने हमलों की याद दिलाता मामला

दिलचस्प बात यह है कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने से पहले यही पार्टी अरविंद केजरीवाल के फ्लैग स्टाफ रोड स्थित आधिकारिक आवास पर खर्च को लेकर हमलावर थी। तब बीजेपी ने 33.66 करोड़ रुपये के रेनोवेशन पर सवाल उठाए थे, जिसमें केवल पर्दों पर ही 95 लाख रुपये और जिम उपकरणों पर 18.5 लाख रुपये खर्च किए जाने का दावा किया गया था।

अब जब रेखा गुप्ता के बंगले पर लाखों रुपये के इलेक्ट्रिकल और इंटीरियर खर्च सामने आए हैं, तो विपक्ष पूछ रहा है – "क्या अब भी जनता के टैक्स का दुरुपयोग नहीं हो रहा?"

 

क्या कहता है पीडब्ल्यूडी?

पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार, यह रेनोवेशन बंगले को CM निवास के रूप में अनुकूल बनाने के लिए जरूरी है। पूर्व में सरकारी कार्यालय रहा यह बंगला अब मुख्यमंत्री और उनके परिवार का निवास होगा, इसलिए बुनियादी बदलाव जरूरी हैं।

हालांकि, अधिकारियों ने खर्च की सीमा और व्यावसायिक जरूरत का बचाव किया, लेकिन जनता और विपक्ष के बीच यह सवाल बना हुआ है कि क्या यह खर्च प्राथमिकता में होना चाहिए था?


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें