Saturday, September 05, 2026 04:57:10 PM

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला
राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला! बोले- जब तक मोदी-शाह इस्तीफा नहीं देते, विपक्ष चैन से नहीं बैठने देगा

दिल्ली में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने छात्रों, उत्तराखंड की महिला, पीएम मोदी-शाह, RSS, चीन और ईरान युद्ध को लेकर सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला बोले- जब तक मोदी-शाह इस्तीफा नहीं देते विपक्ष चैन से नहीं बैठने देगा
राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला |

नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने से रोक रही है।

उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र अपनी परेशानी और अपनी बात सामने रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोका गया। राहुल ने दावा किया कि सरकार व्यवस्था के नाम पर लोगों की आवाज दबाना चाहती है।

राहुल गांधी ने उत्तराखंड की एक महिला का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, महिला की बेटी के साथ करीब चार साल पहले दुष्कर्म के बाद हत्या हुई थी और वह अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग कर रही है। राहुल ने कहा कि महिला उनसे मिली और अपनी बात रखना चाहती थी, लेकिन उसे भी अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जा रहा था।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार देश पर अपनी बनाई हुई व्यवस्था थोपना चाहती है, जबकि कांग्रेस और विपक्ष का काम लोगों को अपनी बात कहने का अधिकार दिलाना है।

मोदी और शाह पर भी साधा निशाना

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि जब तक मोदी और शाह इस्तीफा नहीं देते, विपक्ष उन्हें चैन से नहीं बैठने देगा।

राहुल ने प्रधानमंत्री के प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को मीडिया के सामने आकर सवालों का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय के अंदर से उन्हें जानकारी मिलती है और वहां असंतोष है।

RSS और अदाणी को लेकर लगाए आरोप

राहुल गांधी ने RSS पर भी निशाना साधते हुए कहा कि संगठन से जुड़े पुराने छोटे कारोबारी वर्ग को GST और नोटबंदी जैसी नीतियों से नुकसान हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि RSS का धीरे-धीरे कॉरपोरेटीकरण हुआ है और मौजूदा संगठन बड़े पूंजीपतियों के हितों के लिए काम कर रहा है।

राहुल ने दावा किया कि RSS और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्योगपति गौतम अदाणी के लिए काम कर रहे हैं।

चीन को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने चीन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन ने भारत को अपनी ही जमीन पर पेट्रोलिंग करने से रोका, लेकिन सरकार ने इस बात को दबाने की कोशिश की।

उन्होंने गलवां घटना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि भारत की एक इंच जमीन भी किसी के कब्जे में नहीं है। राहुल ने दावा किया कि सेना और चीन के बीच बातचीत में चीनी पक्ष ने इसी बयान का इस्तेमाल किया।

ईरान युद्ध पर भी बोले राहुल

ईरान में युद्ध का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह भारत के लिए अपनी कूटनीतिक ताकत और पुराने संबंधों का इस्तेमाल करने का मौका था।

उन्होंने कहा कि ईरान के साथ भारत के पुराने संबंध हैं और अमेरिका व रूस से भी भारत के रिश्ते रहे हैं। राहुल के मुताबिक, भारत इस स्थिति में अपनी भूमिका मजबूत कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और पाकिस्तान ने मध्यस्थ की भूमिका हासिल कर ली।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उसका ध्यान राजनीतिक ढांचे को मजबूत करने और अदाणी से पैसा लेने पर है, जिससे देश को नुकसान हो रहा है।

हालांकि, राहुल गांधी की ओर से लगाए गए इन सभी राजनीतिक आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें