E20 Petrol से बढ़ सकती है अंडों की कीमत? |
देश में E20 पेट्रोल को लेकर पहले गाड़ियों के माइलेज को लेकर चर्चा हुई और अब इसका कनेक्शन अंडों की बढ़ती कीमतों से जोड़ा जा रहा है। दावा है कि इथेनॉल बनाने में मक्के के बढ़ते इस्तेमाल से पोल्ट्री फीड महंगी हो रही है। इसका सीधा असर अंडों की कीमत पर पड़ सकता है।
अंडे और इथेनॉल का क्या कनेक्शन है?
इथेनॉल बनाने के लिए गन्ने के साथ मक्के का भी इस्तेमाल किया जाता है। इससे मक्के की मांग बढ़ने पर इसकी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। दूसरी तरफ, पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों के चारे में मक्के का बड़े स्तर पर इस्तेमाल होता है। ऐसे में मक्का महंगा होने से मुर्गियों को पालने की लागत भी बढ़ रही है।
बढ़ती लागत के चलते कुछ पोल्ट्री फार्मर्स मुर्गियों की संख्या कम कर रहे हैं। इसका असर अंडों की सप्लाई पर भी पड़ सकता है।
सोयाबीन भी बढ़ा रहा है परेशानी
पोल्ट्री फीड में मक्के के साथ सोयाबीन का भी अहम इस्तेमाल होता है। सोयाबीन का उत्पादन कम होने से सोयाबीन मील की कीमतों में भी करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी बताई जा रही है।
जिस सोयाबीन मील की कीमत पहले करीब 45 रुपये प्रति किलो थी, वह बढ़कर लगभग 65 से 66 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। यानी पोल्ट्री फार्मर्स को एक साथ मक्का और सोयाबीन, दोनों के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है।
अंडों की सप्लाई पर असर
फीड महंगी होने से पोल्ट्री फार्मर्स पर लागत का दबाव बढ़ रहा है। कुछ फार्म में मुर्गियों की संख्या कम होने से अंडों की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है। अगर सप्लाई कम और लागत ज्यादा रहती है, तो इसका असर बाजार में अंडों की कीमत पर पड़ सकता है।
क्या 20 से 25 रुपये तक पहुंच सकता है एक अंडा?
फिलहाल एक अंडे की कीमत करीब 8 से 15 रुपये के बीच बताई जा रही है। लेकिन बढ़ती फीड लागत को देखते हुए कुछ प्रमुख अंडा वितरक आशंका जता रहे हैं कि आने वाले समय में कीमत 20 से 25 रुपये प्रति अंडा तक पहुंच सकती है।
अगर ऐसा होता है, तो अंडा खाने वाले परिवारों का किचन बजट बढ़ सकता है। हालांकि, 20-25 रुपये प्रति अंडे की कीमत फिलहाल एक आशंका है, तय कीमत नहीं।