Sunday, August 16, 2026 09:46:33 AM

Gen-Z से अल्ताफ की अपील
Gen-Z से अल्ताफ हुसैन की पुकार, पाकिस्तान में बदलाव के लिए सड़कों पर उतरने की अपील

लंदन से अल्ताफ हुसैन ने पाकिस्तान के युवाओं, खासकर Gen-Z, से अन्याय और दमन के खिलाफ आंदोलन करने की अपील की। उन्होंने अपने बयान में इमरान खान की जेल और न्याय व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

gen-z से अल्ताफ हुसैन की पुकार पाकिस्तान में बदलाव के लिए सड़कों पर उतरने की अपील
Gen-Z से अल्ताफ की अपील |

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रमुख विरोधियों में से एक अल्ताफ हुसैन ने पाकिस्तान के युवाओं, खासकर Gen-Z, से देश में अन्याय और दमन के खिलाफ सड़कों पर उतरने की अपील की है। उन्होंने लंदन से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पाकिस्तान की स्थिति बेहद नाजुक है और देश को शासक वर्ग तथा सेना की मजबूत पकड़ से आजाद कराने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

अल्ताफ हुसैन ने लिखा कि पाकिस्तान के युवाओं को अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोगों के साथ मिलकर बदलाव के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में जिस तरह आंदोलन के जरिए बदलाव हुए हैं, उसी तरह पाकिस्तान में भी युवाओं को अन्यायपूर्ण व्यवस्था और दमन के खिलाफ आवाज उठानी होगी।

उन्होंने बताया कि वे पाकिस्तान के एक प्रमुख नेता हैं और मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के संस्थापक रहे हैं। उनकी राजनीति मुख्य रूप से 1947 के विभाजन के बाद भारत से पाकिस्तान गए उर्दू भाषी मुस्लिम यानी मुहाजिर समुदाय के अधिकारों से जुड़ी रही है। उनके पिता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे।

अपने बयान में अल्ताफ हुसैन ने कहा कि यदि पाकिस्तान के युवा 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शनकारियों की तरह पुलिस कार्रवाई, आंसू गैस, गिरफ्तारियों और बलिदान का सामना करने के लिए तैयार हों, तो देश की सबसे ताकतवर ताकतों को भी झुकना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि बिना बड़े जन आंदोलन के पाकिस्तान में जड़ जमा चुके भ्रष्ट सिस्टम को खत्म करना और देश में स्थिरता व विकास लाना बहुत मुश्किल है। केवल भाषणों और नारों से कोई बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में न्याय चाहने वाले लोगों के पास विकल्प कम होते जा रहे हैं और हाई कोर्ट के जजों पर भी सत्ता में बैठे लोगों का दबाव होने के आरोप लगाए जाते हैं।

अल्ताफ हुसैन ने अपने पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इमरान खान पिछले तीन साल से जेल में हैं। उनका दावा है कि हाई कोर्ट के आदेशों के बावजूद उनके वकीलों को उनसे मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी लिखा कि हिरासत के दौरान इमरान खान की एक आंख की रोशनी जाने के आरोप हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कोर्ट में पेश नहीं किया गया। अल्ताफ हुसैन ने यह भी कहा कि 9 मई 2023 की घटनाओं से जुड़े मामले में इमरान खान को दी गई सजा उन्हें अनुचित लगती है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें