नोएडा बारिश से जलभराव, जाम की समस्या |
मानसून की पहली तेज बारिश ने मंगलवार को नोएडा के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, लेकिन इसके साथ ही शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। करीब चार घंटे में हुई लगभग 30 मिमी बारिश से कई सेक्टरों की सड़कें पानी में डूब गईं। जगह-जगह जलभराव, नालों के ओवरफ्लो, सोसायटियों के बेसमेंट में पानी भरने और मुख्य सड़कों पर लंबे जाम की स्थिति बन गई।
मौसम विभाग ने 9 जुलाई के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगले तीन दिन नोएडा प्राधिकरण के लिए चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।
मंगलवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और दोपहर बाद कई दौर की तेज बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन बारिश रुकने के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. उदय प्रताप शाही के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चार घंटे के दौरान 70 मिमी से अधिक बारिश हुई, जबकि नोएडा में करीब 30 मिमी वर्षा दर्ज होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि अगले 72 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 जुलाई को गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है, जबकि 10 जुलाई तक भी रुक-रुक कर बारिश जारी रहने के आसार हैं। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले रास्तों से बचने और खराब मौसम में बिना जरूरत यात्रा न करने की अपील की है।
सबसे अधिक जलभराव सेक्टर-72 के विभिन्न ब्लॉकों, सेक्टर-108 के ई और डी ब्लॉक, सेक्टर-122, सेक्टर-62 के सी-ब्लॉक रजत विहार, सेक्टर-27 के ए और बी ब्लॉक तथा केपटाउन सोसायटी के बेसमेंट में देखने को मिला। कई जगह सड़कें मकानों से ऊंची होने के कारण बारिश का पानी घरों और पार्किंग तक पहुंच गया।
इसके अलावा सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-18 अंडरपास, सेक्टर-37 चौराहा, बरौला, छलेरा, सदरपुर और सेक्टर-137 के आसपास भी लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा। कई जगह पानी भरने से वाहन भी बंद हो गए।
बारिश का असर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया। डीएनडी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन, सेक्टर-18, सेक्टर-37 और सिटी सेंटर की ओर जाने वाले मार्गों पर लंबा जाम लग गया। बारिश रुकने के कई घंटे बाद भी कई सड़कों पर पानी भरा रहा, जिससे वाहन रेंगते नजर आए।
सेक्टर-18 जीआईपी मॉल के पास, पर्थला ब्रिज, सेक्टर-71 मुख्य मार्ग, राघव पब्लिक स्कूल के सामने और एफएनजी रोड पर कई वाहन पानी में बंद हो गए। इसके कारण इन मार्गों पर घंटों तक ट्रैफिक जाम लगा रहा और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।