Wednesday, July 22, 2026 03:38:48 AM

NEET री-एग्जाम 2026 के लिए NTA की नई गाइडलाइन
NEET UG 2026 री-एग्जाम के लिए NTA की एडवाइजरी जारी, ड्रेस कोड और जरूरी नियम बताए

NTA ने NEET UG 2026 री-एग्जाम के लिए ड्रेस कोड, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली वस्तुओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 21 जून को परीक्षा आयोजित होगी।

neet ug 2026 री-एग्जाम के लिए nta की एडवाइजरी जारी ड्रेस कोड और जरूरी नियम बताए
NEET री-एग्जाम 2026 के लिए NTA की नई गाइडलाइन |

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह परीक्षा 21 जून को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए ड्रेस कोड, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली वस्तुओं को लेकर विशेष नियम तय किए गए हैं।

परीक्षा का समय

NEET UG 2026 री-एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगा। वहीं, अतिरिक्त समय के पात्र PwD और PwBD उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी।

परीक्षा केंद्र में क्या ले जा सकेंगे उम्मीदवार?

बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए NTA ने कुछ विशेष छूट दी है। उम्मीदवार परीक्षा केंद्र के अंदर पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) पानी की बोतल ले जा सकते हैं। इसके अलावा एडमिट कार्ड को सुरक्षित रखने के लिए उसे ट्रांसपेरेंट प्लास्टिक पाउच में रखने की अनुमति भी दी गई है।

एजेंसी ने उम्मीदवारों से केवल जरूरी और अनुमत वस्तुएं ही साथ लाने की अपील की है।

ड्रेस कोड को लेकर क्या हैं निर्देश?

NTA ने अभ्यर्थियों को हल्के और आरामदायक कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। हालांकि जरूरत पड़ने पर उम्मीदवार फुल स्लीव या ऊनी कपड़े भी पहन सकते हैं, लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों को जांच प्रक्रिया के लिए समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा।

फुटवियर के लिए चप्पल या कम हील वाली सैंडल पहनने की सलाह दी गई है। ऊंची हील वाले जूते पहनने वाले उम्मीदवारों की अतिरिक्त जांच की जा सकती है।

धार्मिक पहनावे को मिलेगी अनुमति

एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आस्था से जुड़े पहनावे और वस्तुएं जैसे कलावा, पगड़ी, हिजाब, धार्मिक प्रतीक आदि पहनकर परीक्षा केंद्र में आने की अनुमति होगी। हालांकि ऐसे उम्मीदवारों को अन्य अभ्यर्थियों से पहले केंद्र पहुंचना होगा ताकि उनकी जांच समय पर पूरी की जा सके।

NTA ने कहा है कि सुरक्षा जांच में अतिरिक्त समय लग सकता है, इसलिए समय से पहले रिपोर्ट करना जरूरी है।

इन वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

इसके अलावा बड़े बेल्ट, भारी बक्कल, धातु से बनी वस्तुएं, भारी आभूषण और अन्य मेटल एक्सेसरीज भी परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन रहेगा अनिवार्य

री-नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों का प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसमें फिंगरप्रिंट या फेस स्कैन जैसी प्रक्रियाएं शामिल होंगी।

हालांकि NTA ने स्पष्ट किया है कि यदि इंटरनेट, सर्वर या किसी तकनीकी समस्या के कारण बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं हो पाता है, तो उम्मीदवार को परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा। ऐसी स्थिति में अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध कराए गए घोषणा पत्र को भरना होगा, जिसके बाद उसे परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिल जाएगी।

एजेंसी ने यह भी कहा है कि बायोमेट्रिक प्रक्रिया के कारण किसी भी उम्मीदवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर यह प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से पहले या परीक्षा समाप्त होने के बाद भी पूरी की जा सकती है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें