पीएम मोदी जन्मदिन सेवा संकल्प अभियान बाइक रैली |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को 76वां जन्मदिन है। इस मौके पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की किश्त जारी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों को लंबे समय तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया, जिससे उन्हें नुकसान हुआ।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। पीएम मोदी के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी तक करीब 1300 किलोमीटर की बाइक रैली रवाना की गई। वाराणसी से भी वडनगर के लिए बाइक रैली शुरू हुई। इसमें करीब 600 बाइकर्स, 10 राज्य और 193 जिले शामिल होंगे। रैली का समापन 7 अक्टूबर को होगा।
शाम 6 से 7 बजे तक देशभर में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की तैयारी है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से घर के बाहर दीये जलाने की अपील की है।
मध्य प्रदेश में 58 लाख, छत्तीसगढ़ में 36 लाख, हरियाणा में 79.52 लाख और पश्चिम बंगाल में 70 लाख दीये जलाने की तैयारी बताई गई है।
शाह के भाषण की 5 प्रमुख बातें
अमित शाह ने पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार काम किया और बिना छुट्टी लिए रोज 16 से 18 घंटे काम किया।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने ‘इंडिया फर्स्ट’ के मंत्र को आगे रखते हुए देश के विकास के लिए काम किया।
शाह ने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। उन्होंने आवास, बिजली, नल का पानी, शौचालय, गैस और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि करीब 80 करोड़ लोगों को हर महीने 5 किलो मुफ्त अनाज और 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर दिया गया। गरीबों को कई बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
राष्ट्रीय सुरक्षा का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में स्पष्टता लाई और सुशासन के जरिए भ्रष्टाचार व घोटालों से निपटने का काम किया। उन्होंने पीएम मोदी के खुद को ‘प्रधान सेवक’ कहने का भी उल्लेख किया।
अन्य कार्यक्रम
राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में एक सैंड आर्टिस्ट ने प्रधानमंत्री मोदी का सैंड आर्ट बनाया। वहीं, गुजरात के वडनगर से बाइक रैली भी रवाना की गई।