देशभर में मानसून का कहर, कई राज्यों में अलर्ट |
देश के कई राज्यों में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और गुजरात में बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई जगहों पर सड़कें बंद हो गई हैं, जलभराव की स्थिति बन गई है और नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में गुरुवार रात हुई भारी बारिश के बाद चोलिंग क्षेत्र में मलबा नेशनल हाईवे पर आ गया। इस दौरान दो गाड़ियां मलबे में दब गईं। राज्य में फिलहाल 49 सड़कें बंद हैं।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, जालौन समेत पांच शहरों में तेज बारिश हुई। कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुजरात के वलसाड में भी भारी बारिश के कारण कई सड़कें पानी में डूब गईं। जलभराव की वजह से कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए।
मध्य प्रदेश में मानसून तय समय से पहले तेजी से आगे बढ़ा और सिर्फ 9 दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर लिया। मौसम विभाग ने धार, बड़वानी, खरगोन और देवास में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, उज्जैन में क्षिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से राम घाट के पास स्थित मंदिर पानी में डूब गए।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग, चमोली समेत कई जिलों में भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गई हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ यात्रा फिलहाल रोक दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 5 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर सकता है।
अगले दो दिनों का मौसम
4 जुलाई
- छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है।
- बिहार में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
- मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
- राजस्थान में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ बारिश हो सकती है।
- पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
5 जुलाई
- आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
- असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।
- सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के समुद्र से सटे इलाकों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।