प्रतीकात्मक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
मेरठ। जिले के समौली गांव में रविवार की रात एक ऐसी डरावनी घटना घटी जिसने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। किसान महफूज के घर के आंगन (घेर) से अचानक दर्जनों सांप निकलने लगे, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
किसान महफूज ने बताया कि रविवार रात वह सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी नजर घेर में रेंगते एक करीब डेढ़ फीट लंबे सांप पर पड़ी। उन्होंने साहस दिखाकर सांप को मार दिया, लेकिन उसके बाद जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया।
महफूज के अनुसार, एक के बाद एक सांप निकलने लगे और जल्द ही उनकी संख्या इतनी हो गई कि गिनना मुश्किल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से कई सांप मारे गए और उन्हें गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
रातभर चला सांपों का निकलना, अब तक 52 की पुष्टि
रात करीब नौ बजे तक सांपों की संख्या 52 तक पहुंच गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि सभी सांप महफूज के दरवाजे के पास बने रैंप के नीचे से निकल रहे थे। घटना की खबर फैलते ही गांववाले बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और डर के बावजूद किसान की मदद की।
गांववालों ने बताया कि वन विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन विभाग ने ऐसी किसी सूचना से इनकार किया और कहा कि उनकी कोई टीम गांव नहीं भेजी गई थी। इससे गांववालों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का मानना है कि रैंप के नीचे सांपों का बिल हो सकता है, जहां संभवतः अंडे दिए गए होंगे।
डरे हुए हैं ग्रामीण, रातभर पहरा
घटना के बाद से महफूज और उनका परिवार बेहद डरा हुआ है। रविवार रात पूरे परिवार ने जागकर पहरा दिया, क्योंकि सांपों का निकलना देर रात तक चलता रहा। गांव में अब भी भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण वन विभाग से उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।