साक्षरता दिवस पर पढ़ने का उत्सव |
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर परिषदीय विद्यालयों की बालवाटिका और को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आओ सुनें और सुनाएं कहानी’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बच्चों के साथ कहानी सुनने और सुनाने की गतिविधियां कराई गईं।
इस अभियान को ‘पढ़ने की खुशी का उत्सव’ के रूप में मनाया गया। बच्चों को कहानी सुनाई गई और अलग-अलग गतिविधियों के जरिए सीखने का अवसर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने और सुनने की रुचि बढ़ाना था।
इसी अवसर पर डीसी निपुण अमित कुमार ने प्राथमिक विद्यालय मेहंदीपुर बांगर, जेवर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री बच्चों को हाव-भाव के साथ कहानी सुना रही थीं और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पढ़ा रही थीं।
नोडल प्री-प्राइमरी एआरपी रति गुप्ता ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को कहानी सुनने और सुनाने के फायदे बताए। उन्होंने बताया कि कहानी बच्चों की कल्पना को नई उड़ान देती है और साक्षरता की शुरुआत भी इसी तरह की गतिविधियों से होती है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह ने डीसी निपुण अमित कुमार का आभार व्यक्त किया।