2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी तेज |
2027 में देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और अब इन चुनावों को लेकर तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में जनगणना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि मणिपुर में जनगणना का पहला चरण फिलहाल टाल दिया गया है।
माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 के दौरान कराए जा सकते हैं। चुनाव आयोग आमतौर पर सबसे पहले खत्म होने वाले विधानसभा कार्यकाल से पहले चुनाव पूरा कराने की कोशिश करता है।
मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027, गोवा का 14 मार्च, पंजाब का 16 मार्च और उत्तराखंड का 28 मार्च को खत्म होगा। वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।
यानी यूपी में भी चुनाव विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने से करीब दो महीने पहले कराए जा सकते हैं। बड़े राज्य होने की वजह से यूपी में कई चरणों में मतदान होने की संभावना है। चुनाव की घोषणा जनवरी 2027 में होने की बात कही जा रही है।
वहीं तीन राज्यों में SIR यानी स्पेशल समरी रिवीजन का काम पूरा हो चुका है, जबकि पंजाब और उत्तराखंड में प्रक्रिया जारी है।
जनगणना को लेकर केंद्र ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड के बर्फ से न ढके इलाकों और गोवा में जनसंख्या गिनती का चरण पहले कराने का फैसला किया है। यह प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच होगी और 5 जनवरी को रेफरेंस तारीख माना जाएगा।
वहीं मणिपुर में घरों की सूची बनाने वाला पहला चरण टाल दिया गया है।
दरअसल, चुनाव और जनगणना दोनों में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी, खासकर शिक्षक, लगाए जाते हैं। ऐसे में दोनों की तारीखें टकराने से होने वाली परेशानी से बचने के लिए यह बदलाव किया गया है।