नौसेना सेलर हनीट्रैप जासूसी |
जासूसी-रोधी कार्रवाई में खुफिया एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। कोयंबटूर में भारतीय नौसेना के 31 साल के एक सेलर को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि वह पाकिस्तान की एक महिला इंटेलिजेंस एजेंट के ऑनलाइन हनीट्रैप में फंस गया और उसके साथ रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करता था।
आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) सेल ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले प्रदीप मुखर्जी को गिरफ्तार किया है। उस समय प्रदीप कोयंबटूर के रेड फील्ड्स स्थित नौसेना के प्रमुख लीडरशिप ट्रेनिंग सेंटर INS अग्रानी में मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स कर रहा था।
2014 में नौसेना में हुआ था शामिल
प्रदीप मुखर्जी साल 2014 में भारतीय नौसेना में नाविक के तौर पर शामिल हुआ था। उसकी तैनाती विशाखापत्तनम स्थित ईस्टर्न नेवल कमांड में थी। वह मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स के लिए करीब एक सप्ताह पहले ही INS अग्रानी पहुंचा था।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी दोस्ती
एक आधिकारिक सूत्र के मुताबिक, प्रदीप कुछ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान की एक महिला एजेंट के संपर्क में आया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और आरोप है कि महिला एजेंट ने उसे ऑनलाइन हनीट्रैप में फंसा लिया।
इसके बाद प्रदीप से विशाखापत्तनम नौसेना बेस से जुड़े रणनीतिक नौसैनिक संसाधनों, बेड़े की गतिविधियों और ऑपरेशनल सेटअप से संबंधित संवेदनशील जानकारी हासिल की गई।
संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों से हुआ शक
आंध्र प्रदेश पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) सेल टेरर मॉड्यूल, सीमा-पार जासूसी और हाई-सिक्योरिटी खतरों से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करती है। संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों का पता चलने के बाद CI ने प्रदीप मुखर्जी पर नजर रखनी शुरू की।
जांच में संवेदनशील जानकारी लीक करने में उसकी भूमिका की पुष्टि होने के बाद जांचकर्ताओं ने नौसेना अधिकारियों से उसकी गिरफ्तारी की मंजूरी ली।
विजयवाड़ा ले जाकर पूछताछ
CI की विशेष टीम सुबह कोयंबटूर स्थित INS अग्रानी पहुंची और प्रदीप को हिरासत में लिया। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस अधिकारियों को औपचारिक रूप से दी गई।
इसके बाद प्रदीप को स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट वारंट लिया गया। फिर शाम को उसे आगे की पूछताछ के लिए विजयवाड़ा स्थित काउंटर इंटेलिजेंस मुख्यालय ले जाया गया।
फिलहाल जांच जारी है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रक्षा से जुड़ी कौन-कौन सी और कितनी फाइलें लीक हुईं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या प्रदीप को हवाला या डिजिटल पेमेंट चैनलों के जरिए कोई पैसा भेजा गया था।