मानसून से कई राज्यों में भारी बारिश |
देश के कई राज्यों में मानसून इस समय सक्रिय है। पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते 24 घंटे से बारिश का दौर जारी है। इसके चलते कई जगह बाढ़, जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार रात से तेज बारिश हो रही है। कांगड़ा में भारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में कुछ जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भी भारी बारिश का अनुमान
दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने से मंगलवार को देश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में भारी से अति भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी समेत कई राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में 11-12 अगस्त को भारी बारिश
मध्य भारत में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में बारिश बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 अगस्त को मध्य प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं।
भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और मलबा खिसकने का खतरा बढ़ गया है। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है। कुछ जगह अचानक बाढ़ भी आ सकती है।
बारिश से पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने और कम दृश्यता के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को संवेदनशील इलाकों, नदी-नालों और जल निकायों से दूर रहने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
दिल्ली-NCR में भी बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के दिल्ली-NCR की ओर बढ़ने से मंगलवार को दिल्ली-NCR में भी भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में बारिश से हालात बिगड़े
उत्तराखंड में देहरादून और हरिद्वार समेत कई क्षेत्रों में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। देहरादून में नदी के पास बने दो भवन गिर गए। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण कई जगह यातायात प्रभावित है।
सोमवार को भारी बारिश के दौरान तमक नाले में अचानक पानी बढ़ने से मॉड्यूलर पुल बह गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को मौसम की जानकारी लेने के बाद ही बाहर निकलने और यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।