दिव्या मित्तल IAS इस्तीफा 13 साल सेवा |
उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने IAS की नौकरी से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया है। खास बात यह है कि IAS बनने से पहले दिव्या मित्तल ने लंदन की लाखों डॉलर वाली नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया था।
दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए अपनी 13 साल की प्रशासनिक यात्रा को याद किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई की और इसके बाद लंदन में नौकरी की। लेकिन विदेश में सब कुछ हासिल करने के बावजूद उन्हें अपने देश से दूर रहना खलता था। इसी वजह से वह भारत लौटीं और IAS अधिकारी बनीं।
अपने अनुभवों को याद करते हुए उन्होंने लिखा कि देवरिया ने उन्हें सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना सिर्फ विकल्प नहीं, बल्कि कर्तव्य है। वहीं मिर्जापुर ने उन्हें सिखाया कि ‘असंभव’ कोई तथ्य नहीं, बल्कि सिर्फ एक राय है।
दिव्या मित्तल ने यह भी बताया कि उनके लिए असली खुशी तब थी, जब किसी परिवार को पहली बार जमीन का हक मिला, किसी दिव्यांग को सम्मान से जीने का मौका मिला या किसी किसान के खेत तक पानी पहुंचा।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें लगा था कि वह लोगों को कुछ देने आई हैं, लेकिन सच में उन्होंने खुद लोगों से बहुत कुछ पाया। लोगों का प्यार, सम्मान और भरोसा उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी रहा।
अब उनके इस्तीफे को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं कि आखिर 13 साल की सेवा के बाद उन्होंने IAS की नौकरी क्यों छोड़ी? क्या वह भविष्य में कॉरपोरेट सेक्टर में वापस जाएंगी या कोई और रास्ता चुनेंगी?
हालांकि, उनके इस्तीफे की वजह को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर सिर्फ निजी और पारिवारिक परिस्थितियों की बात सामने आई है। इसलिए किसी अन्य वजह को लेकर लगाए जा रहे कयासों की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल दिव्या मित्तल का इस्तीफा चर्चा में है और सभी की नजर इस बात पर है कि आगे उनका अगला कदम क्या होगा।