Saturday, October 10, 2026 10:40:17 PM

फ्लाई दुबई विमान में हाईजैक की कोशिश
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट हाईजैक करने की कोशिश, को-पायलट ने पायलट पर किया चाकू से हमला

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट में हाईजैक की कोशिश का आरोप लगा। यात्रियों ने हमलावर को रोका और विमान की ताबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। ..

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट हाईजैक करने की कोशिश को-पायलट ने पायलट पर किया चाकू से हमला
फ्लाई दुबई विमान में हाईजैक की कोशिश |

दुबई। आसमान में उड़ते विमान के भीतर अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने यात्रियों की सांसें रोक दीं। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट में को-पायलट ने कथित तौर पर अपने ही साथी पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। विमान तेजी से नीचे आने लगा, लेकिन दूसरे पायलट और यात्रियों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई इस घटना के दौरान विमान महज एक मिनट में लगभग 17 हजार फीट नीचे आ गया। हालात बिगड़ने पर विमान से पहले इमरजेंसी और फिर हाईजैक का अलर्ट भेजा गया।

सूचना मिलते ही इजराइल ने फाइटर जेट्स रवाना किए। उनकी निगरानी में विमान का मार्ग बदला गया और सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 150 इजराइली नागरिक थे।

7 अहम बातें, जो बताती हैं विमान में कैसे बिगड़े हालात

1. इमरजेंसी सिग्नल के बाद हाईजैक का अलर्ट

विमान ने सबसे पहले 7700 कोड भेजा, जो किसी आपात स्थिति का संकेत है। इसके कुछ ही सेकंड बाद 7500 कोड भेजा गया, जिसका मतलब विमान में हाईजैक की स्थिति होना है।

2. पलक झपकते ही हजारों फीट नीचे आया विमान

फ्लाइट रडार के मुताबिक, विमान की ऊंचाई दो मिनट के भीतर करीब 34 हजार फीट से घटकर 16,600 फीट रह गई। इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदलते हुए सऊदी अरब के ताबुक की दिशा पकड़ ली।

3. कॉकपिट में शुरू हुआ विवाद

शुरुआती जानकारी के अनुसार, पायलट और को-पायलट के बीच कॉकपिट में विवाद हुआ। इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए। हालांकि, झगड़े की असल वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

4. विमान को नीचे जाता देख कॉकपिट की ओर दौड़े यात्री

इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स में चश्मदीदों के हवाले से दावा किया गया कि एक पायलट विमान को जमीन की ओर मोड़कर क्रैश कराने की कोशिश कर रहा था। विमान को तेजी से नीचे आते देख आगे बैठे कुछ यात्री कॉकपिट की ओर भागे और हमलावर पायलट को काबू कर बाहर निकाला।

एक यात्री के मुताबिक, विमान में सादे कपड़ों में दो अन्य पायलट भी मौजूद थे। इनमें से एक ने विमान का नियंत्रण संभाल लिया। घटना से जुड़े वायरल वीडियो में यात्रियों की चीखें सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।

5. खून से लथपथ मिला घायल पायलट

मिरियम नाम की यात्री ने बताया कि उसने कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनीं। दरवाजा खुलने पर एक पायलट घायल हालत में दिखाई दिया। उसके हाथ में फोल्डिंग चाकू था और आसपास खून बिखरा हुआ था।

एक यात्री के अनुसार, घायल पायलट की हालत गंभीर थी। विमान में मौजूद एक इजराइली डेंटिस्ट ने उसका इलाज किया और उसकी जान बचाने में मदद की।

6. फाइटर जेट्स की निगरानी में हुई लैंडिंग

हाईजैक का अलर्ट मिलने के बाद इजराइली एयरफोर्स ने फाइटर जेट्स भेजे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की।

इसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया। घटना के दौरान इजराइल ने कुछ समय के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद कर दिया था।

7. आतंकी हमले के एंगल से भी जांच

जेरूशलम पोस्ट के मुताबिक, इजराइल की सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की संभावित आतंकी हमले के एंगल से भी जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में आरोपी पायलट के ओमान का नागरिक होने की बात सामने आई है।

9/11 जैसी घटना होने की जताई गई आशंका

हिब्रू मीडिया के अनुसार, घटना के बाद इजराइल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के बीच आपात बातचीत हुई। इस दौरान विमान की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जानकारी जुटाई गई।

चैनल 12 से बातचीत में इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि फ्लाई दुबई की इस फ्लाइट में बहुत बड़ी अनहोनी टल गई। अधिकारी के मुताबिक, अगर समय रहते हमलावर पायलट पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह घटना 2001 में अमेरिका में हुए 9/11 हमलों जैसी भयावह हो सकती थी।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें