प्रेस वार्ता को संबोधित करते सांसद डॉ. दिनेश शर्मा | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि “आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की कुंजी है।” उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और आज भारत अपने नागरिकों के बल पर विश्व की महाशक्तियों को चुनौती दे रहा है।
नोएडा में जीएसटी सुधारों से जुड़े संवाद कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी की दरों को सरल बनाकर स्वदेशी अभियान को नई गति दी है। उन्होंने कहा, “स्वदेशी का अभियान आत्मनिर्भर भारत का मूल आधार है। ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ का नारा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है।”
उन्होंने कहा कि भारत की आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को कुछ नकारात्मक शक्तियां चुनौती दे रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी हर चुनौती को अवसर में बदलने की क्षमता रखते हैं। वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों से मिली चुनौती को भारत ने आत्मनिर्भर बनने के संकल्प में तब्दील किया है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि नए जीएसटी दरों के लागू होने के बाद जनता के लिए “बचत उत्सव” की शुरुआत हुई है। आम उपभोक्ताओं को अब दैनिक उपयोग की वस्तुएं सस्ती दरों पर मिलेंगी। व्यापारी वर्ग भी इन सुधारों से खुश है और धन्यवाद मोदी सरकार का नारा बुलंद कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन के पीछे एक बड़ा उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। व्यापारी यदि स्वदेशी उत्पादों की बिक्री बढ़ाएं और उपभोक्ता भी स्वदेशी वस्तुओं की खरीद को प्राथमिकता दें, तो देश की अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।