Tuesday, October 13, 2026 06:16:00 PM

डूब क्षेत्र बिजली महापंचायत
डूब क्षेत्र में बिजली की मांग को लेकर महापंचायत, धरना जारी रखने का ऐलान

पर्थला में बिजली की मांग को लेकर भारतीय किसान परिषद ने महापंचायत की। करीब 5,000 लोगों की मौजूदगी में बिजली मिलने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया गया।

डूब क्षेत्र में बिजली की मांग को लेकर महापंचायत धरना जारी रखने का ऐलान
डूब क्षेत्र बिजली महापंचायत |

डूब क्षेत्र में बिजली की मांग को लेकर भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में पर्थला ओवरब्रिज के पास मुख्य मार्ग पर महापंचायत का आयोजन किया गया। संगठन के अनुसार, महापंचायत में करीब 5,000 कामगार और किसान शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने एकजुट होकर कहा कि जब तक कामगारों को बिजली नहीं मिलती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

महापंचायत में एडिशनल डीसीपी, एसीपी-1, एसीपी-3 नोएडा और बिजली विभाग के ईई (कमर्शियल, विजिलेंस और रेजिडेंशियल) व जेई भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने डूब क्षेत्र में बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, लेकिन जिला स्तर पर अभी तक कोई लिखित आदेश नहीं मिला है।

अधिकारियों की इस जानकारी के बाद महापंचायत में मौजूद कामगारों में नाराजगी देखने को मिली। कामगारों ने कहा कि वे लंबे समय से बिजली के बिना रह रहे हैं और अब पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक शासनादेश उनके सामने नहीं रखा जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।

महापंचायत को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी और उनके साथी नेताओं ने भी समर्थन दिया। वहीं, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक भाटी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी कामगारों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने इसे सरकार की गैरजिम्मेदारी के खिलाफ मानवीय आवाज बताया।

भारतीय किसान परिषद के सुखवीर खलीफा ने कहा कि जिस क्षेत्र में करीब 3 लाख परिवार रहते हैं, वहां बिजली की कमी का असर बच्चों के भविष्य पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली केवल सुविधा नहीं, बल्कि मूलभूत अधिकार का विषय है।

सुखवीर खलीफा ने कहा कि भारतीय किसान परिषद कामगारों के साथ खड़ी है और गांधीवादी तरीके से यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बिजली नहीं मिलती, तब तक धरना सक्रिय रहेगा।

महापंचायत में कामगारों और किसानों ने बिजली की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें