Friday, August 14, 2026 09:00:50 AM

मगरमच्छ ने बच्चे को नदी में खींचा
बहराइच में मगरमच्छ ने 12 वर्षीय बच्चे को बनाया शिकार, ग्रामीणों के सामने नदी में खींच ले गया

बहराइच में घाघरा नदी किनारे मगरमच्छ ने 12 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे नदी में खींच लिया। पांच घंटे बाद शव बरामद हुआ, परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।

बहराइच में मगरमच्छ ने 12 वर्षीय बच्चे को बनाया शिकार ग्रामीणों के सामने नदी में खींच ले गया
मगरमच्छ ने बच्चे को नदी में खींचा |

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र में घाघरा नदी किनारे एक 12 वर्षीय बच्चे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे ग्रामीणों की आंखों के सामने नदी में खींच ले गया। इस दर्दनाक हादसे में बच्चे की मौत हो गई।

घटना गुरुवार शाम की है, जबकि इसका वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आया। थाना प्रभारी टीएन मौर्या ने घटना और वीडियो की पुष्टि की है। वहीं, वन रेंजर साकिब अंसारी ने बताया कि मगरमच्छ ने बच्चे के दाहिने पैर और कमर के नीचे के हिस्से को खा लिया था।

मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो टिकुरी गांव का रहने वाला था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। पिता बुधराज की पांच वर्ष पहले और मां की सात वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद से सुनील अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ रह रहा था। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन सुमन (14), छोटा भाई संजय (10) और छोटी बहन सीमा (7) गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते हैं, जबकि सुनील पढ़ाई छोड़ चुका था।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर सुनील अपने चाचा के साथ धान की रोपाई करने खेत गया था। कई घंटे काम करने के बाद दोनों शाम को लौटते समय घाघरा नदी में हाथ-पैर धो रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी से निकले मगरमच्छ ने सुनील पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़े में दबोच लिया।

सुनील ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, जबकि उसके चाचा और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर फेंककर और शोर मचाकर मगरमच्छ को भगाने का प्रयास किया। लेकिन मगरमच्छ ने बच्चे को नहीं छोड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने बच्चे को कई बार पानी में उछालकर पटका और फिर गहरे पानी में ले गया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। बांस के लंबे डंडों और टॉर्च की रोशनी की मदद से कई घंटों तक तलाश अभियान चलाया गया। तेज बहाव के बीच करीब पांच घंटे की खोजबीन के बाद रात लगभग 10 बजे घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव का निचला हिस्सा मगरमच्छ के हमले से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त था।

शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के चाचा विजय राज सिंह ने बताया कि उन्होंने नदी में कूदकर अपने भतीजे का हाथ पकड़ लिया था और करीब सात मिनट तक उसे छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरे पानी में खींच ले गया। बाद में बच्चे का शव मिला, जिसका एक पैर और पेट का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था।

गांव के प्रधान संजय कुमार त्रिवेदी ने बताया कि विजय राज सिंह दोपहर में धान की रोपाई का काम छोड़कर घर खाना खाने आए थे। उसी समय सुनील उनके साथ खेत जाने की जिद कर बैठा। कुछ देर बाद नदी किनारे यह हादसा हो गया।

एसडीएम प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें