ममता बनर्जी भतीजी वृष्टि मुखर्जी मौत |
पश्चिम बंगाल के बीरभूम से एक दुखद खबर सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की भतीजी 28 वर्षीय वृष्टि मुखर्जी अपने घर में मृत मिलीं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, रामपुरहाट के कुसुम्बा गांव में उनके घर की दूसरी मंजिल के एक कमरे से उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और दूसरी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
वृष्टि, ममता बनर्जी के ममेरे भाई निहार मुखर्जी की बेटी थीं। निहार रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रह चुके हैं। वृष्टि एक स्थानीय स्कूल में ग्रुप-सी कर्मचारी के तौर पर काम करती थीं।
परिवार के अनुसार, वृष्टि पिछले कुछ सालों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था।
परिवार ने यह भी बताया कि सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में नियुक्तियों को रद्द किए जाने के बाद वृष्टि की नौकरी चली गई थी। भर्ती में कथित भ्रष्टाचार की जांच के दौरान केंद्रीय एजेंसियों को करीब 90 फीसदी OMR शीट में गड़बड़ी मिलने की बात सामने आई थी। जांच में वृष्टि समेत कई उम्मीदवारों के नाम भी सामने आए थे, जिन्हें कथित तौर पर भर्ती प्रक्रिया में फायदा मिला था। इसके बाद कानूनी कार्रवाई के बीच उनकी नौकरी चली गई।
इसके अलावा, वृष्टि का अपने पति के साथ तलाक का मामला भी चल रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वृष्टि की मौत के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।