आर्यन स्पोर्ट्स क्लब स्वर्ण पदक विजयी |
औरंगाबाद कस्बे के आर्यन स्पोर्ट्स क्लब की वॉलीबॉल टीम ने जम्मू-कश्मीर में आयोजित नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। टीम की इस उपलब्धि पर नगर लौटने के बाद खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।
पूर्व चेयरमैन राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी ने चैंपियन खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चैंपियनशिप के दौरान आर्यन स्पोर्ट्स क्लब ने अपने पहले मुकाबले में आंध्र प्रदेश की टीम को हराया। इसके बाद राजस्थान और गाजियाबाद की टीमों को मात देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में टीम ने पंजाब को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया।
टीम के कोच आर्यन कुमार ने बताया कि टीम में नानू, विशाल, प्रियांशु, विवेक, अभय और तक्ष शामिल थे। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और बेहतरीन टीम भावना को दिया।
आर्यन स्पोर्ट्स क्लब की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और खिलाड़ियों की सफलता को स्थानीय खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।