अग्निवीरों को 2 साल का सेवा विस्तार |
भारतीय सशस्त्र बलों में अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने अग्निवीर योजना में बदलाव करते हुए 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने का फैसला किया है। यानी अब चार साल का शुरुआती कार्यकाल पूरा होने के बाद भी इन अग्निवीरों को दो साल तक सेना में सेवा देने का अवसर मिलेगा। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
इस फैसले के बाद अग्निवीरों के लिए सशस्त्र बलों में नियमित रूप से शामिल होने का एक और रास्ता खुल गया है। हालांकि, नियमित सेवा में शामिल होने के लिए उन्हें निर्धारित चयन प्रक्रिया और मानदंडों को पूरा करना होगा।
25 फीसदी को नियमित सेवा, बाकी 75 फीसदी को मिलेगा विस्तार
अग्निपथ योजना के तहत पहले से ही 25 फीसदी अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी होने के बाद मेरिट और निर्धारित मानदंडों के आधार पर नियमित सशस्त्र बलों में शामिल करने का प्रावधान है। अब शेष 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने का फैसला किया गया है।
इस विस्तारित अवधि के बाद इच्छुक अग्निवीरों को उनके प्रदर्शन और चयन मानदंडों के आधार पर नियमित सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
सीडीएस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा?
सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बताया कि 14 जून 2022 को अग्निपथ योजना शुरू की गई थी। योजना के तहत अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार आकलन किया जाना था। अब पहले बैच के चार साल पूरे होने के करीब हैं और उनके कामकाज को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में अग्निवीरों ने शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और कार्यक्षमता के मामले में अच्छा प्रदर्शन किया है। उनके कौशल को बेहतर बनाने के लिए प्रशिक्षण और शिक्षा पर भी ध्यान दिया गया है। यहां तक कि 10वीं पास अग्निवीरों को आगे की पढ़ाई का अवसर भी दिया गया है।
बढ़ेगी आर्थिक सुविधा, मिलेगा ज्यादा पारिश्रमिक
दो साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार के दौरान अग्निवीरों को पहले की तुलना में अधिक पारिश्रमिक और विस्तारित सेवा निधि का लाभ मिलेगा। सरकार का मानना है कि इस फैसले से अनुभवी अग्निवीरों की सेवाओं का लाभ सशस्त्र बलों को आगे भी मिल सकेगा।
दिसंबर 2026 तक 18,300 अग्निवीरों का कार्यकाल होगा पूरा
आंकड़ों के मुताबिक, पहले बैच में भर्ती हुए करीब 24,400 अग्निवीरों में से लगभग 18,300 का चार साल का कार्यकाल दिसंबर 2026 तक पूरा होने वाला है। ये कुल भर्ती का करीब 75 फीसदी हिस्सा हैं। ऐसे में सेवा विस्तार का फैसला पहले बैच के हजारों अग्निवीरों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, भारतीय वायुसेना ने अपने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 जवानों में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला पहले ही किया था।