Sunday, August 16, 2026 09:45:41 AM

जापान में 7.1 तीव्रता का भूकंप
जापान में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी अलर्ट जारी

जापान के दक्षिणी हिस्से में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। कई इलाकों में नुकसान की खबर है और तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया है।

जापान में 71 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप सुनामी अलर्ट जारी
जापान में 7.1 तीव्रता का भूकंप |

मंगलवार को जापान के दक्षिणी हिस्से में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, भूकंप के बाद तटीय इलाकों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र क्यूशू क्षेत्र के कुमामोटो प्रान्त में था। तेज झटकों से दक्षिणी जापान के कई हिस्से हिल गए। भूकंप के केंद्र के पास कई इमारतों के गिरने की खबर है।

उकी शहर के फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि भूकंप के बाद शहर में कई जगह आग लगने की घटनाएं हुईं, जिसके कारण उन्हें बड़ी संख्या में इमरजेंसी कॉल मिलीं।

NHK की रिपोर्ट के अनुसार, यात्सुशिरो शहर में क्यूशू एक्सप्रेसवे के एक हाईवे ओवरपास को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, इसी शहर में एक पुल का पैदल चलने वाला हिस्सा भी गिर गया।

भूकंप के तुरंत बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की। एजेंसी के अनुसार, समुद्र में 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

प्रधानमंत्री सनाए तकाईची ने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें, क्योंकि इसी तरह की तीव्रता वाला एक और भूकंप आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है, जबकि नुकसान का पूरा आकलन अभी किया जा रहा है।

स्थिति को देखते हुए जापानी सरकार ने दक्षिणी क्यूशू द्वीप के कई प्रान्तों में आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की है। कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइटा और मियाजाकी में अलर्ट जारी है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें