Sunday, August 16, 2026 10:48:02 AM

इंडोनेशिया फेरी आग हादसा
इंडोनेशिया में समुद्र के बीच फेरी में भीषण आग, 5 की मौत; 41 लोग अब भी लापता

इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास समुद्र में एक यात्री फेरी में भीषण आग लग गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं। 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

इंडोनेशिया में समुद्र के बीच फेरी में भीषण आग 5 की मौत 41 लोग अब भी लापता
इंडोनेशिया फेरी आग हादसा |

इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास समुद्र में एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, यह फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर जा रही थी। यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद ही फेरी में अचानक आग लग गई।

एजेंसी ने बताया कि हादसे के समय फेरी में 271 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। आग लगने के बाद कई जहाजों की मदद से बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी लापता लोगों की तलाश जारी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा रविवार सुबह मदुरा द्वीप, जो जावा के उत्तर-पूर्वी तट के पास स्थित है, के नजदीक हुआ।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फेरी के ऊपरी हिस्से से घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। आग तेजी से पूरे जहाज में फैलती नजर आ रही है। वीडियो में कई यात्री लाइफ जैकेट पहनकर जहाज के किनारे खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगाते भी नजर आ रहे हैं।

फिलहाल राहत और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें