टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में तीन हिरासत में |
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े गोलीबारी मामले में राजस्थान की कोटा सिटी पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, तीनों ट्रेन से दिल्ली जाने और वहां से नेपाल भागने की तैयारी में थे। अब उन्हें मुंबई पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे मुंबई पुलिस से सूचना मिली थी कि गोलीबारी की घटना से जुड़े तीन लोग ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और करीब 15 मिनट में पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच की तलाशी लेकर तीनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, निकास मार्गों और अन्य जगहों पर टीमें तैनात की थीं।
कौन हैं हिरासत में लिए गए तीन लोग?
एसपी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। ऋतिक पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा था और शुरुआती जानकारी के अनुसार, वहां रैपिडो चलाता था। वहीं, रेहान और नाबालिग सोनीपत में मजदूरी करते थे।
अनिल पंडित से संपर्क की जांच
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि रेहान पहले अनिल पंडित के संपर्क में था। अनिल पंडित का लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ाव बताया गया है। पुलिस इस संपर्क और गोलीबारी की घटना के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। हालांकि, अभी इन जानकारियों की विस्तृत जांच बाकी है।
हथियार बरामद नहीं, मुंबई पुलिस करेगी पूछताछ
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि फिलहाल गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार कहां है और घटना के बाद उसका क्या किया गया। मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंच चुकी है। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले किया जाएगा।
बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ से जुड़े मामले में गोलीबारी हुई थी। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की थी। मामले में आरोपियों की भूमिका और कथित साजिश को लेकर आगे की जांच जारी है।