रामायण SDCC इवेंट पर विवाद |
सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (SDCC) 2026 में फिल्म 'रामायण' की पहली झलक को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। इस मौके पर अभिनेता रणबीर कपूर, यश, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा ने फिल्म से जुड़ी कई खास बातें साझा कीं। हालांकि, पैनल डिस्कशन के बाद हुई एक डांस परफॉर्मेंस सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गई।
दर्शकों का कहना है कि यह परफॉर्मेंस फिल्म के ट्रेलर या रामायण की सांस्कृतिक और धार्मिक भावना से मेल नहीं खाती। इसी वजह से सोशल मीडिया पर इसकी जमकर आलोचना हो रही है।
एक यूजर ने लिखा, "विदेशी डांसर्स से ऐसी प्रस्तुति क्यों करवाई गई, जिसका रामायण से कोई संबंध ही नहीं है? यह परफॉर्मेंस फिल्म 'कंगुवा' के किसी हटाए गए सीन जैसी लग रही थी। आखिर इसके पीछे सोच क्या थी?"
एक अन्य यूजर ने ट्रेलर की तारीफ करते हुए लिखा कि "रामायण का ट्रेलर शानदार है, लेकिन अंत में दिखाई गई डांस परफॉर्मेंस ने पूरी प्रस्तुति का असर कम कर दिया। भारत में कई खूबसूरत पारंपरिक नृत्य शैलियां हैं, फिर उसी तरह की प्रस्तुति क्यों नहीं दिखाई गई?"
एक और यूजर ने सवाल उठाते हुए कहा कि "रामायण जैसे महाकाव्य को प्रस्तुत करने के लिए कई बेहतर भारतीय सांस्कृतिक कला रूप मौजूद थे। इसके बावजूद ऐसी परफॉर्मेंस दिखाना दर्शकों को निराश करने वाला फैसला था।"
इस बीच, फिल्म के ट्रेलर की रिलीज भी आगे बढ़ा दी गई है। पहले ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होना था, लेकिन दिल्ली में चल रहे छात्र प्रदर्शन के कारण इसकी तारीख टाल दी गई। निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया कि सोनी पिक्चर्स फिल्म के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूटर के रूप में जुड़ गया है, जिससे फिल्म को वैश्विक स्तर पर बड़े पैमाने पर रिलीज करने का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि छात्रों के विरोध-प्रदर्शन की वजह से ट्रेलर की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया।
कॉमिक-कॉन के इस कार्यक्रम में फिल्म की टीम ने रामायण के विजन, बड़े स्तर पर हो रहे निर्माण और इस कालजयी महाकाव्य को भव्य रूप में बड़े पर्दे पर लाने की तैयारियों पर भी चर्चा की।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।
'रामायण' दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दीवाली 2026 और दूसरा भाग दीवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।