स्वरा भास्कर पद्मावत जौहर विवाद |
अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर अपने पुराने बयान के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने साल 2017 में फिल्म के रिलीज के समय निर्देशक संजय लीला भंसाली को एक खुला खत लिखा था। इस खत में उन्होंने फिल्म के क्लाइमेक्स में दिखाए गए जौहर के सीन पर सवाल उठाए थे। हाल ही में स्वरा ने इसी खत का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय इस सीन को देखकर उनके मन में क्या सवाल उठे थे।
स्वरा ने कहा था कि फिल्म में दिखाया गया जौहर का दृश्य यौन उत्पीड़न से बची महिलाओं को लेकर समाज की सोच पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने चिंता जताई थी कि जिस समाज में पहले से ही दुष्कर्म के मामले बड़ी समस्या हैं, वहां दुष्कर्म पीड़िता को ऐसी कहानी से क्या संदेश मिल सकता है।
स्वरा के मुताबिक, खुला खत लिखने से पहले उन्होंने करीब पांच दिन तक इस पूरे मामले पर सोच-विचार किया था। उन्होंने फिल्म के उस हिस्से को याद करते हुए कहा कि करीब 800 महिलाओं को जौहर करते हुए दिखाया गया था। इसी दौरान उनके मन में सवाल आया कि अगर कोई महिला दुष्कर्म की पीड़िता हो और वह आत्महत्या न करे, तो क्या उसे समाज कायर समझेगा?
स्वरा ने यह भी सवाल उठाया कि क्या दुष्कर्म की शिकार महिला को यह संदेश दिया जाना चाहिए कि उसकी जिंदगी खत्म हो गई है या वह सम्मान के साथ जीने के लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि फिल्म में एक गर्भवती महिला के पेट का क्लोज-अप शॉट भी उन्हें काफी परेशान करने वाला लगा था। उनका सवाल था कि क्या किसी बच्ची के जन्म लेने का अधिकार सिर्फ इसलिए खत्म हो जाना चाहिए क्योंकि भविष्य में उसके साथ किसी तरह की हिंसा या यौन उत्पीड़न हो सकता है।
‘पद्मावत’ मलिक मुहम्मद जायसी की 1540 में लिखी गई महाकाव्य कविता ‘पद्मावत’ पर आधारित फिल्म थी। इसमें दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभाई थी।
फिल्म रिलीज से पहले ही काफी विवादों में रही थी। ऐतिहासिक तथ्यों से कथित छेड़छाड़ को लेकर कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए और फिल्म पर रोक लगाने की मांग भी उठी। विवाद के बीच फिल्म का नाम ‘पद्मावती’ से बदलकर ‘पद्मावत’ किया गया। इसके बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने दुनियाभर में 585 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया।
स्वरा भास्कर की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 6 जनवरी 2023 को राजनेता फहाद अहमद से शादी की थी। दोनों ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी रजिस्टर कराई और 16 फरवरी 2023 को इसकी सार्वजनिक जानकारी दी। सितंबर 2023 में दोनों एक बेटी के माता-पिता बने, जिसका नाम राबिया है। स्वरा आखिरी बार ‘पति, पत्नी और पंगा’ शो में नजर आई थीं, जबकि उनकी आखिरी फिल्म ‘जहां चार यार’ (2022) थी।