रोडीज़ पुनर्जन्म में छह गैंग लीडर्स |
देश के लोकप्रिय एडवेंचर रियलिटी शो ‘रोडीज़’ का नया सीजन ‘रोडीज़ - पुनर्जन्म’ इस बार पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और रोमांचक होने वाला है। दिल्ली में आयोजित एक खास प्रेस कॉन्फ्रेंस में शो के निर्माताओं ने नए फॉर्मेट का खुलासा किया। इस दौरान मूल रोडी रन्नविजय सिंघा के साथ सभी गैंग लीडर्स एक मंच पर नजर आए।
इस सीजन का सबसे बड़ा बदलाव यह है कि पहली बार रोडीज़ में छह गैंग लीडर्स एक साथ मुकाबले में उतरेंगे। इस बार शो में सिर्फ दो गैंग होंगी। एक तरफ निखिल चिनापा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला होंगे, जबकि दूसरी तरफ अभिषेक मल्हान, बानी जे और बसीर अली अपनी गैंग का नेतृत्व करेंगे।
खास बात यह है कि इस सीजन में पुराने गैंग लीडर्स और नए गैंग लीडर्स के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। ऐसे में अनुभव, नई सोच, रणनीति और महत्वाकांक्षा का मुकाबला शो को और ज्यादा दिलचस्प बनाने वाला है।
दिल्ली में हुए कार्यक्रम के दौरान रन्नविजय सिंघा, निखिल चिनापा, नेहा धूपिया, प्रिंस नरूला, अभिषेक मल्हान, बानी जे और बसीर अली ने मीडिया के सामने इस नए फॉर्मेट की जानकारी दी। नए फॉर्मेट के सामने आने के बाद पत्रकारों के बीच भी खासा उत्साह देखने को मिला।
नेहा धूपिया ने कहा कि हर साल रोडीज़ नई चुनौतियां लेकर आता है। इस बार दो गैंग का फॉर्मेट, ज्यादा प्रतिभागी और पुराने खिलाड़ियों के सामने नए खिलाड़ियों की चुनौती इसे और रोमांचक बनाएगी। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह चुनौती ऐसी है, जैसे वह पहली बार रोडीज़ में आई हों।
निखिल चिनापा ने कहा कि ‘पुनर्जन्म’ एक बिल्कुल नया समीकरण लेकर आया है। उनके मुताबिक पुराने और नए खिलाड़ियों की अलग-अलग सोच और रणनीति के बीच सर्वोच्चता की नई जंग देखने को मिलेगी।
प्रिंस नरूला ने कहा कि उन्होंने रोडीज़ को प्रतिभागी, विजेता और गैंग लीडर के तौर पर जिया है। उनके मुताबिक दो गैंग के आमने-सामने होने से हर फैसला खेल का रुख बदल सकता है और वह जीत के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
वहीं बसीर अली के लिए यह वापसी बेहद खास है। उन्होंने बताया कि वह साल 2017 में एक प्रतिभागी के तौर पर रोडीज़ में आए थे और अब गैंग लीडर बनकर वापस लौटे हैं। उनके मुताबिक यह उनके सफर का एक खास पड़ाव है।
पहली बार गैंग लीडर बने अभिषेक मल्हान ने कहा कि रोडीज़ सिर्फ टास्क पूरा करने का खेल नहीं, बल्कि पूरे सफर में टिके रहने का नाम है। उन्होंने कहा कि पुराने और नए खिलाड़ियों के साथ काम करने से सीखने और खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।
‘रोडीज़ - पुनर्जन्म’ में अब गठजोड़, प्रतिद्वंद्विता, रणनीति और सत्ता बदलने की जंग पहले से ज्यादा देखने को मिलेगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि फिनिश लाइन तक कौन टिक पाएगा और कौन इस मुकाबले में बाजी मारेगा?