Sunday, August 16, 2026 10:44:16 AM

रामायण ट्रेलर रिलीज
'रामायण' का ट्रेलर रिलीज, सोशल मीडिया पर छाया; 'आदिपुरुष' फिर ट्रोल

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया। ट्रेलर के बाद कई यूजर्स ने 'आदिपुरुष' की आलोचना की।

रामायण का ट्रेलर रिलीज सोशल मीडिया पर छाया आदिपुरुष फिर ट्रोल
रामायण ट्रेलर रिलीज |

इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर गुरुवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज कर दिया गया। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ट्रेंड करने लगा। फिल्म के शानदार विजुअल्स और कलाकारों के अभिनय को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं, ट्रेलर देखने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रभास और कृति सेनन की फिल्म 'आदिपुरुष' की तुलना करते हुए उसे निशाने पर लिया।

ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं। इन तीनों कलाकारों के लुक और प्रस्तुति की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। इसी बीच, कई यूजर्स ने 'रामायण' की तारीफ करते हुए 'आदिपुरुष' को लेकर पुराने विवादों को फिर से याद किया।

सोशल मीडिया पर एक यूजर ने 'आदिपुरुष' का एक दृश्य साझा करते हुए लिखा कि उन्हें आज भी समझ नहीं आता कि यह फिल्म सिनेमाघरों तक कैसे पहुंची। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि 'आदिपुरुष' ऐसा अनुभव था जिसे कोई दोबारा नहीं देखना चाहेगा। कई लोगों ने फिल्म के संवादों को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई। कुछ यूजर्स ने फिल्म के संवाद लेखक मनोज मुंतशिर की भी आलोचना की और विवादित संवादों का जिक्र करते हुए तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। ऐसे कई पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

फिल्म 'रामायण' का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग इस साल दिवाली पर और दूसरा भाग अगले साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें