पवन सिंह ने अक्षरा सिंह से मांगी माफी
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह और अभिनेत्री अक्षरा सिंह के रिश्ते को लेकर लंबे समय से विवाद होते रहे हैं। दोनों के बीच पुराने विवादों को लेकर अक्षरा कई बार सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख चुकी हैं। लेकिन अब पवन सिंह के एक बयान ने एक बार फिर दोनों को चर्चा में ला दिया है। नवरात्रि के मौके पर मुंगेर में आयोजित एक कार्यक्रम में पवन ने मंच से अक्षरा सिंह और उनके परिवार से माफी मांगी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अक्षरा को प्यार से क्या कहकर पुकारा?
कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने अक्षरा सिंह को संबोधित करते हुए कहा, “अक्षरा सिंह तुम मेरी बाबू, मेरा बच्चा हो।” उन्होंने आगे कहा कि अक्षरा के पिता उनके भाई जैसे हैं और उनकी मां भाभी जैसी हैं। वह दोनों का सम्मान करते हैं और अक्षरा से दिल से माफी मांगना चाहते हैं।
क्या फिर साथ नजर आएंगे पवन और अक्षरा?
कार्यक्रम में एक प्रशंसक ने पवन सिंह से पूछा कि क्या वह और अक्षरा सिंह दोबारा पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। इस पर पवन ने कहा कि दोनों की जोड़ी बहुत जल्द नजर आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर अक्षरा को लगता है कि उनसे कोई गलती हुई है, तो वह दिल से सॉरी कहते हैं।
पवन ने अक्षरा के माता-पिता का जिक्र करते हुए कहा कि माता-पिता से बड़ा कोई नहीं होता। अगर उनकी किसी बात से अक्षरा के माता-पिता को बुरा लगा है, तो वह उनसे भी दिल से माफी मांगते हैं और उन्हें प्रणाम करते हैं।
पत्नी ज्योति सिंह ने क्या कहा?
पवन सिंह के इस बयान पर उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “वाह रे राजपूताना स्वाभिमान।”
बता दें कि पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला अदालत में चल रहा है। दोनों के बीच गुजारा भत्ता यानी एलिमनी को लेकर भी विवाद है। हाल ही में अदालत में हुई सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह अकेले पहुंची थीं। खबरों के मुताबिक, पवन सिंह के पेश नहीं होने पर अदालत ने उन पर जुर्माना लगाया था।
पवन और अक्षरा के रिश्ते में क्यों आया था विवाद?
पवन सिंह और अक्षरा सिंह के कथित प्रेम संबंध कई साल तक चर्चा में रहे। इस दौरान अक्षरा ने पवन पर नियंत्रण रखने और प्रताड़ित करने जैसे आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि पवन नशे की हालत में उन पर हाथ उठाते थे।
इसके बावजूद पवन सिंह ने साल 2018 में ज्योति सिंह से शादी कर ली। इसके बाद 2019 में अक्षरा सिंह ने पवन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
अब पवन सिंह के माफी मांगने वाले बयान के बाद दोनों के रिश्ते और दोबारा साथ काम करने की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, दोनों की साथ में पर्दे पर वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।