पाकिस्तानी एक्ट्रेस भारतीय गाने पर ट्रोल |
पाकिस्तान ने 14 अगस्त को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस यानी यौम-ए-आजादी मनाया। इस दौरान देशभर में जश्न का माहौल रहा। हालांकि, कराची, लाहौर और इस्लामाबाद से कुछ ऐसे वीडियो भी सामने आए, जिनमें लोग केक लेने के दौरान एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करते और बोतलें फेंकते नजर आए।
इसी बीच पाकिस्तान की कुछ अभिनेत्रियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद नया विवाद शुरू हो गया है।
वीडियो में पाकिस्तानी अभिनेत्रियां हाथों में पाकिस्तान का झंडा लेकर स्वतंत्रता दिवस सेलिब्रेट करती नजर आ रही हैं। लेकिन इस वीडियो में बॉलीवुड फिल्म ‘राजी’ का देशभक्ति गाना ‘ऐ वतन मेरे वतन’ सुनाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद पाकिस्तानी अभिनेत्रियों को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर ड्रैज वारिस ने भी इस मामले पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि यह भारत का देशभक्ति गीत है और पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर इसका इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए था।
ड्रैज वारिस ने कहा कि ये सभी पाकिस्तान की चर्चित अभिनेत्रियां हैं और उन्हें अपने देश के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पाकिस्तानी गीत का इस्तेमाल करना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की गलती से भारतीय यूजर्स उनका मजाक बना सकते हैं और उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ सकता है।
इंफ्लुएंसर ने अपनी पोस्ट में भारत और पाकिस्तान के अलग-अलग देश होने और दोनों के स्वतंत्रता दिवस अलग-अलग तारीखों पर मनाए जाने की बात भी कही। उन्होंने इसे संवेदनशील मुद्दा बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति से पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस का मजाक बनता हुआ दिखाई दे सकता है।