सलमान के घर के बाहर पुलिसकर्मी की मौत |
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी की अचानक मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 41 वर्षीय कॉन्स्टेबल गणेश सलमान खान के घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात थे। वह उन पुलिसकर्मियों में शामिल थे, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली धमकियों के बाद सलमान खान की सुरक्षा के लिए लगाया गया था।
बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल गणेश अचानक बीमार होकर गिर पड़े। वहां मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत पास के अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।
सलमान खान के घर के बाहर फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था जारी है और अभिनेता को पुलिस सुरक्षा दी जा रही है।
सलमान को Y+ सुरक्षा
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने के बाद साल 2023 में सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। महाराष्ट्र सरकार की ओर से उन्हें Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। करीब 11 जवान हर समय उनकी सुरक्षा में रहते हैं, जिनमें एक या दो कमांडो और दो PSO भी शामिल होते हैं।
सलमान की गाड़ी के आगे और पीछे दो एस्कॉर्ट वाहन भी चलते हैं। उनकी कार को बुलेटप्रूफ बनाया गया है। गैलेक्सी अपार्टमेंट में हुई फायरिंग के बाद जनवरी में उनके घर की बालकनी को भी बुलेटप्रूफ किया गया था और आसपास हाई-रिजोल्यूशन कैमरे लगाए गए थे।
2024 में घर के बाहर हुई थी फायरिंग
14 अप्रैल 2024 को दो बाइक सवार लोगों ने बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलियां चलाई थीं। घटना के समय सलमान अपने घर में ही थे। बाद की जांच में सामने आया था कि फायरिंग का मकसद अभिनेता को डराना था और यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कहने पर किए जाने की बात सामने आई थी।
लॉरेंस बिश्नोई 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद चर्चा में आया था। उसने काले हिरण के शिकार मामले को लेकर सलमान खान को सार्वजनिक रूप से जान से मारने की धमकी भी दी है।
सलमान बोले थे- “जितनी उम्र लिखी है, उतनी लिखी है”
पिछले साल सलमान खान ने मुंबई के बांद्रा के एक फाइव स्टार होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी सुरक्षा को लेकर भी बात की थी। उन्होंने कहा था कि कई बार सुरक्षाकर्मियों के साथ लगातार घूमना उनके लिए परेशानी का कारण बन जाता है।
सलमान ने यह भी कहा था कि उन्हें धमकियों से डर नहीं लगता और उन्होंने अपनी सुरक्षा भगवान पर छोड़ रखी है। उनका कहना था कि जितनी उम्र लिखी है, उतनी ही है।