Saturday, October 10, 2026 10:56:36 PM

बिग बॉस 20 में सलमान की फटकार
बिग बॉस 20: पहले ‘वीकेंड का वार’ में सलमान लगाएंगे कई कंटेस्टेंट्स की क्लास, अमन गांधी और आसिफ खान में फिर भिड़ंत

बिग बॉस 20 के पहले वीकेंड का वार में सलमान खान काजी तौकीर और माही विज को फटकारेंगे। वहीं अमन गांधी और आसिफ खान के बीच फिर जमकर विवाद होगा।

बिग बॉस 20 पहले ‘वीकेंड का वार’ में सलमान लगाएंगे कई कंटेस्टेंट्स की क्लास अमन गांधी और आसिफ खान में फिर भिड़ंत
बिग बॉस 20 में सलमान की फटकार |

'बिग बॉस 20’ में शनिवार को पहला ‘वीकेंड का वार’ होने जा रहा है। ग्रैंड प्रीमियर के बाद बीते पांच दिनों में घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती, प्यार, तकरार और विवाद देखने को मिले हैं। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि सलमान खान इस बार किस कंटेस्टेंट को फटकार लगाते हैं।

शुक्रवार को ‘वीकेंड का वार’ की शूटिंग हो चुकी है और इससे जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि सलमान खान काजी तौकीर को पहले उनके एंटरटेनिंग अंदाज के लिए तारीफ देंगे, लेकिन बाद में उनकी एक हरकत को लेकर फटकार भी लगाएंगे। वहीं, माही विज को भी उनकी एक टिप्पणी के लिए सलमान की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा।

अमन गांधी और आसिफ खान में फिर हुई बहस

शनिवार के एपिसोड में अमन गांधी और ‘पंचायत’ फेम आसिफ खान के बीच एक बार फिर कहासुनी देखने को मिलेगी। मामला कैप्टन यंग डीएसए से शुरू होता है, जो अमन गांधी को खाने के डिब्बे को लेकर टोकते नजर आते हैं। इसी दौरान आसिफ खान भी बातचीत में शामिल हो जाते हैं।

इसके बाद अमन और आसिफ के बीच पुरानी नोकझोंक फिर बढ़ जाती है। प्रोमो में अमन गांधी अजीब बॉडी लैंग्वेज के जरिए आसिफ का मजाक उड़ाते नजर आते हैं। इस पर आसिफ उन्हें ऐसी हरकतें बाहर करने की बात कहते हैं।

बात बढ़ते-बढ़ते दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो जाती है। आसिफ अमन को ‘जाहिल’ कहते हैं। घर के बाकी सदस्य, जिसमें काजी तौकीर भी शामिल हैं, दोनों को अलग करने की कोशिश करते हैं, लेकिन विवाद शांत नहीं होता।

इसी दौरान अमन अपनी बॉडी फ्लॉन्ट करते हैं, जिस पर आसिफ कथित तौर पर उनकी ‘इंजेक्शन वाली बॉडी’ को लेकर टिप्पणी करते हैं। इसके बाद दोनों के बीच मामला और गरमा जाता है और बहस गाली-गलौज तक पहुंचती दिखाई देती है।

काजी तौकीर को पहले मिली तारीफ, फिर सलमान ने लगाई फटकार

‘वीकेंड का वार’ के एक प्रोमो में सलमान खान काजी तौकीर की तारीफ करते दिखाई देते हैं। सलमान घरवालों से काजी के मशहूर अंदाज ‘आई एम ए रॉकस्टार बेबी’ को री-क्रिएट भी करवाते हैं।

बताया जा रहा है कि सलमान ने काजी के पूरे हफ्ते के एंटरटेनिंग अंदाज और ड्रामेबाजी की तारीफ की। लेकिन इसके बाद उन्होंने काजी को एक गंभीर बात को लेकर समझाया भी।

दरअसल, गुरुवार रात काजी ने घर के अंदर ऐसा माहौल बना दिया था, जैसे उनकी तबीयत अचानक खराब हो रही हो और उन्हें अपनी खास दवाई की जरूरत है। वह जोर-जोर से चिल्लाते नजर आए, जिसके बाद घर के बाकी सदस्य भी परेशान हो गए थे।

बाद में बिग बॉस ने काजी को मेडिकल रूम में बुलाया, जहां उन्होंने डॉक्टर से बताया कि वह सिर्फ ड्रामा कर रहे थे और उन्हें वास्तव में कुछ नहीं हुआ था।

सलमान खान ने इसी हरकत को लेकर काजी को फटकार लगाई। सलमान ने समझाया कि इस तरह की हरकत से घर के अंदर बेवजह पैनिक की स्थिति बन सकती है। इस पर काजी ने सलमान से माफी मांगी और कहा कि उनका मकसद सिर्फ लोगों को एंटरटेन करना था।

‘डाइवोर्सी स्पेशल शो’ वाली टिप्पणी पर माही विज को सलमान की डांट

वहीं, माही विज भी सलमान खान के निशाने पर रहेंगी। हालांकि सलमान की नाराजगी उनके घर के अंदर के ‘बॉसी नेचर’ को लेकर नहीं, बल्कि उनकी एक टिप्पणी को लेकर बताई जा रही है।

शो में एंट्री के अगले दिन माही ने ईशा रिखी से बातचीत के दौरान कहा था कि घर में तीन तलाकशुदा महिलाएं हैं—ईशा, खुद माही और बॉक्सर मैरी कॉम। उन्होंने इसे ‘डाइवोर्सी स्पेशल’ तक कह दिया था।

माही की इस बात पर ईशा रिखी और मैरी कॉम असहज नजर आई थीं। ईशा ने साफ कहा था कि उन्हें इस तरह अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात करना पसंद नहीं है।

ईशा, जिनका हाल ही में रैपर बादशाह से तलाक हुआ है, ने कहा था कि वह किसी की पूर्व पत्नी या पूर्व गर्लफ्रेंड के रूप में नहीं, बल्कि अपनी खुद की पहचान के साथ जानी जाना चाहती हैं।

पहले हफ्ते में चार कंटेस्टेंट नॉमिनेट

‘बिग बॉस 20’ के पहले हफ्ते में चार कंटेस्टेंट्स नॉमिनेट हुए हैं। इनमें अरिश्फा खान, लव गिल, उदिति सिंह और कनिका मान शामिल हैं।

इस सीजन में मेकर्स ने ‘तथास्तु’ नाम का नया कॉन्सेप्ट पेश किया है। इसके तहत हर कंटेस्टेंट को दो ‘जीवनदान’ मिले हैं। यानी सामान्य एलिमिनेशन की जगह बॉटम रैंकिंग में आने वाले कंटेस्टेंट की लाइफ लाइन कम हो सकती है।

कनिका मान पहले ही यंग डीएसए के कैप्टन बनने और उनकी विश के चलते एक जीवनदान गंवा चुकी हैं। ऐसे में अगर वह बॉटम रैंकिंग में रहती हैं, तो उनके सीधे एलिमिनेशन का खतरा ज्यादा है।

वोटिंग ट्रेंड में कौन आगे?

सोशल मीडिया पर सामने आए वोटिंग ट्रेंड के मुताबिक, अरिश्फा खान सबसे आगे चल रही हैं। उनके बाद कनिका मान, फिर लव गिल और सबसे नीचे उदिति सिंह बताई जा रही हैं।

अगर ये वोटिंग ट्रेंड सही साबित होते हैं, तो पहले ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में उदिति सिंह अपना एक ‘जीवनदान’ खो सकती हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि शनिवार के ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान किसकी तारीफ करते हैं, किसकी क्लास लगाते हैं और घर के अंदर चल रही इन लड़ाइयों पर क्या फैसला सुनाते हैं।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें