आयुष्मान खुराना को लॉरेंस गैंग की धमकी |
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अभिनेता को एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज भेजा गया है, जिसमें मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है। इतना ही नहीं, ऑडियो में करोड़ों रुपये की मांग भी की गई है। मामले की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस जांच में जुट गई है। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
ऑडियो की आवाज का रिकॉर्ड से किया जा रहा मिलान
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, धमकी भरे ऑडियो में एक व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया है। पुलिस अब ऑडियो की तकनीकी जांच के साथ मैसेज भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार, ऑडियो में जिस व्यक्ति का नाम सामने आया है, उसकी आवाज का पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद संबंधित आरोपी की आवाज से मिलान कराया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर गैंग के नाम का इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने की कोशिश की गई है।
तुषार कपूर को भी मिल चुका है ऐसा धमकी भरा मैसेज
गौरतलब है कि इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। उस मैसेज में खुद को हैरी बॉक्सर बताने वाले शख्स ने 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। शुरुआती जांच में उस ऑडियो के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी।
वहीं, इससे पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले का मामला भी सामने आया था, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग की ओर से लिए जाने की बात कही गई थी। इस मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी भी मिल चुकी है। इन घटनाओं के बाद फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल मुंबई पुलिस आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो मैसेज की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या फिर कोई व्यक्ति गैंग का नाम लेकर सितारों को धमकाने की कोशिश कर रहा है।
हाल ही में इस फिल्म में आए थे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना हाल ही में सारा अली खान के साथ फिल्म 'उड़ता तीर' में नजर आए थे। इस कॉमेडी ड्रामा में उन्होंने एक पाकिस्तानी एजेंट की भूमिका निभाई थी, जो अपनी याददाश्त खो देता है।