Saturday, October 10, 2026 10:43:01 PM

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज, फिर मुश्किल में फंसेगा विजय सालगांवकर?

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। अजय देवगन फिर विजय सालगांवकर बने हैं, जबकि तब्बू और जयदीप अहलावत की एंट्री कहानी में नई चुनौती लेकर आई है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी।

‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज फिर मुश्किल में फंसेगा विजय सालगांवकर
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज |

‘इस बार विजय सालगांवकर क्या करेगा?’ इसी सवाल के साथ अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का करीब 2 मिनट 49 सेकेंड का ट्रेलर शुरू होता है। मीरा देशमुख यही सवाल मुराद अली से पूछती हैं। जवाब मिलता है कि विजय क्या करेगा और क्या नहीं करेगा, यह या तो विजय जानता है या फिर अल्लाह।

ट्रेलर से साफ है कि इस बार भी विजय अपने परिवार को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। लेकिन उसके सामने इस बार पहले से ज्यादा बड़ी चुनौती है। मीरा देशमुख अपने बेटे की मौत का बदला लेने के लिए वापस आई हैं और उनके साथ क्राइम ब्रांच के नए SP की एंट्री हुई है। इस किरदार को जयदीप अहलावत निभा रहे हैं।

मीरा को इंसाफ नहीं, बदला चाहिए

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में विजय को एक पुराने केस को लेकर फिर से जांच का सामना करना पड़ता है। पुलिस के हाथ कुछ नए और मजबूत सबूत लगे हैं, लेकिन विजय को नहीं पता कि ये सबूत आखिर हैं क्या।

दूसरी ओर, मीरा देशमुख पूरी तैयारी के साथ विजय के सामने आती हैं। ट्रेलर में वह साफ कहती हैं कि उन्हें इंसाफ नहीं, बल्कि बदला चाहिए।

परिवार को बचाने की कोशिश में विजय

ट्रेलर में विजय के चेहरे पर चिंता साफ नजर आती है। उसका परिवार भी डरा हुआ दिखाई देता है। साल 2015 में शुरू हुई हत्या की कहानी ‘दृश्यम 2’ तक पहुंची थी, जहां विजय और उसका परिवार लगातार खुद को बचाने की कोशिश करता रहा।

अब ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में नए सबूत और नए पुलिस अफसर के आने से विजय की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं।

जयदीप अहलावत का किरदार विजय को खुली चेतावनी देता है। वह कहता है कि वह उसकी पूरी क्रिमिनल फैमिली को सबके सामने इस तरह घसीटेगा कि दोबारा ऐसा करने के बारे में सोचने वालों की भी रूह कांप उठेगी।

विजय और नए SP के बीच होगी दिमागी जंग

फिल्म के ट्रेलर में एक्शन से ज्यादा साइकोलॉजिकल यानी दिमागी लड़ाई पर जोर नजर आता है। विजय को ‘मेहनती अपराधी’ कहा जाता है। साथ ही यह भी बताया जाता है कि वह अनपढ़ जरूर है, लेकिन बेवकूफ नहीं।

विजय अपने परिवार को बचाने के लिए पूरी तरह तैयार है, वहीं नया क्राइम ब्रांच SP भी उसे मात देने की कोशिश में जुटा है। जयदीप अहलावत के किरदार की एंट्री ने ट्रेलर को और ज्यादा दिलचस्प बना दिया है।

मलयालम ‘दृश्यम 3’ से अलग होगी कहानी

अजय देवगन की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी, मोहनलाल की मलयालम फिल्म सीरीज ‘दृश्यम’ का रीमेक है। मई 2026 में डायरेक्टर जीतू जोसेफ की मलयालम ‘दृश्यम 3’ रिलीज हुई थी।

अब अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ आने वाली है। बताया गया है कि इस फिल्म की कहानी मलयालम ‘दृश्यम 3’ से अलग होगी। फिल्म की कहानी आमिल कीयान खान, अभिषेक पाठक और परवेज शेख ने लिखी है।

स्टारकास्ट और रिलीज डेट

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, रजत कपूर, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और कमलेश सावंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें