Saturday, September 05, 2026 05:45:48 PM

प्रेमिका की हत्या, सूटकेस में मिला शव
प्रेमिका की हत्या कर सूटकेस में छिपाया शव, वाराणसी से आरोपी गिरफ्तार

सिलवासा में प्रेमिका की हत्या कर शव सूटकेस में छिपाने के आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को वाराणसी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी नाम बदलकर फैक्टरी में मजदूरी कर रहा था।

प्रेमिका की हत्या कर सूटकेस में छिपाया शव वाराणसी से आरोपी गिरफ्तार
प्रेमिका की हत्या, सूटकेस में मिला शव |

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में युवक पर अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव को किराये के कमरे के बाथरूम में ट्रॉली सूटकेस के अंदर छिपाने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी वाराणसी आ गया था और यहां नाम बदलकर एक फैक्टरी में मजदूरी कर रहा था।

सोमवार को एसटीएफ वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर औद्योगिक आस्थान स्थित शुभकामना रियल टेक से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से सिलवासा पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर दादरा और नगर हवेली ले गई।

सूटकेस में मिला था महिला का शव

तीन अगस्त को सिलवासा के टोकर खड़ा इलाके में एक किराये के मकान से ट्रॉली सूटकेस के अंदर महिला का शव बरामद हुआ था। शव करीब दो महीने पुराना बताया गया और उसे प्लास्टिक से ढका गया था। मकान मालिक के कमरा खोलने पर दुर्गंध आने से घटना का पता चला।

मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय (20), निवासी नवादा, बिहार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद ऋषभ सिलवासा से फरार होकर वाराणसी में छिप गया था।

पहले पति को छोड़कर ऋषभ के साथ गई थी छोटी

एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि ऋषभ अपनी गांव की विवाहिता छोटी उपाध्याय से प्रेम करता था। छोटी की शादी के बाद भी दोनों के बीच संबंध बने रहे। छोटी के कहने पर ऋषभ उसे लेकर दादरा नगर हवेली चला गया, जहां दोनों ने शादी कर ली।

छोटी को अगवा करने के मामले में ऋषभ के खिलाफ बिहार के रोह थाने में अपहरण का मामला भी दर्ज था। शादी की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिवार नाराज हो गए और उन्होंने छोटी को अपनाने से इनकार कर दिया।

9 जून को हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, शादी के बाद छोटी लगातार गांव वापस चलने का दबाव बना रही थी। 9 जून की सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ और शाम को ऋषभ ने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को रस्सी से बांधकर ट्रॉली सूटकेस में बंद किया और वहां से फरार हो गया।

कमरे में बंद शव करीब दो महीने तक पड़ा रहा। बाद में मकान मालिक ने किसी दूसरे व्यक्ति को कमरा किराये पर देने के लिए ताला खोला तो बाथरूम में सूटकेस से शव बरामद हुआ।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें