सेक्टर 113 थाने के बाहर बैठे किसान | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। सोरखा गांव में शुक्रवार को जमीन कब्जा हटाने गई नोएडा प्राधिकरण की टीम और किसानों के बीच जमकर विवाद हो गया। किसानों ने कब्जा हटाने का विरोध करते हुए मौके पर ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्राधिकरण की पुलिस टीम ने किसानों को खदेड़ दिया और कथित तौर पर लाठीचार्ज किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
किसानों का आरोप – पुलिस ने की मारपीट
किसानों का कहना है कि प्राधिकरण की टीम कब्जा हटाने पहुंची थी, लेकिन जब उन्होंने आपत्ति जताई और बातचीत की मांग की तो पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें खदेड़ दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने मारपीट की, जिससे कई लोग घायल भी हुए हैं।
थाने के बाहर धरना
घटना से नाराज किसान बड़ी संख्या में सेक्टर-113 थाने पहुंच गए और गेट पर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने दो सिपाहियों – जितेंद्र और रहिसुद्दीन – पर लाठी चलाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डीसीपी को बुलाने की मांग
किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक डीसीपी यमुना प्रसाद मौके पर नहीं आते और आरोपित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, वे थाने के बाहर से हटेंगे नहीं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रशासन पर सवाल
घटना के बाद से स्थानीय किसानों में आक्रोश है। उनका कहना है कि बिना संवाद और पर्याप्त नोटिस दिए प्राधिकरण ने जमीन कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की, जो पूरी तरह से मनमानी है।