सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। चर्चित निक्की मर्डर केस में नया मोड़ सामने आया है। मृतका निक्की के बेटे की कस्टडी को लेकर आरोपी पति विपिन भाटी के परिजन अब अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं।
श्रद्धांजलि सभा और परिवार की रणनीति
विपिन के चचेरे भाई देवेंद्र के घर के बाहर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को 'तेरहवीं' का नाम दिया गया, जिसमें निक्की के मायके पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोग शामिल हुए। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। विपिन पक्ष का दावा है कि वे साक्ष्य जुटा रहे हैं जो यह साबित कर सकते हैं कि विपिन घटना स्थल पर मौजूद नहीं थे और रोहित सिरसा टोल पर था।
जमानत अर्जी की तैयारी
विपिन पक्ष के अधिवक्ता पूर्व अध्यक्ष मनोज भाटी बोड़ाकी ने कहा –
"साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं और उनका मिलान कराया जाएगा। इसके बाद जमानत की अर्जी कोर्ट में दाखिल की जाएगी। सबसे पहले रोहित की जमानत अर्जी दायर होगी।"
अभियोजन का रुख
पुलिस ने भी मजबूत साक्ष्य जुटाने की बात कही है। फोरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने का इंतजार है, जो केस की अहम कड़ी मानी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज भी एकत्र किए हैं।
मामला क्या है?
21 अगस्त को ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में आग लगने से निक्की की मौत हो गई थी। निक्की के परिजनों ने पति विपिन भाटी, जेठ रोहित, सास और ससुर पर 35 लाख रुपये दहेज मांगने और हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। फिलहाल सभी आरोपी जेल में बंद हैं।