Saturday, September 05, 2026 02:10:14 AM

लुधियाना पिज्जा आउटलेट फायरिंग
लुधियाना पिज्जा आउटलेट में 3 सेकंड में 3 फायर, CCTV से खुला राज!

लुधियाना के पिज्जा आउटलेट में तीन सेकंड में तीन गोलियां चलीं। CCTV में दो हमलावर कैद हुए, जबकि सोशल मीडिया पर एक ग्रुप ने जिम्मेदारी का दावा किया। पुलिस पोस्ट की सच्चाई और आरोपियों की तलाश कर रही है।

लुधियाना पिज्जा आउटलेट में 3 सेकंड में 3 फायर cctv से खुला राज
लुधियाना पिज्जा आउटलेट फायरिंग |

लुधियाना के भाई रणधीर सिंह नगर के जे-ब्लॉक स्थित एक पिज्जा आउटलेट में देर रात अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें ‘गोपी लहोरिया ग्रुप’ नाम के पेज ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।

हालांकि, पुलिस अभी इस पोस्ट की सच्चाई की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह अकाउंट वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर किसी ने डर फैलाने के लिए फर्जी अकाउंट बनाया है।

CCTV में कैद पूरी वारदात

फायरिंग का CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। इसमें दो युवक पिज्जा आउटलेट के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक पिस्टल निकालकर सिर्फ तीन सेकंड में तीन गोलियां चला देता है।

दूसरा युवक भी हथियार निकालता है, लेकिन वह फायर नहीं कर पाता। इसके बाद दोनों आरोपी बाहर निकलते हैं और पहले से बाइक लेकर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ फरार हो जाते हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में धमकी

फायरिंग के बाद इंस्टाग्राम पर ‘गोपी लहोरिया’ के नाम से एक पोस्ट डाली गई। इसमें आउटलेट से जुड़े व्यक्ति को धमकी देते हुए अगली बार सीधे गोली मारने और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई।

लेकिन पुलिस इस पोस्ट को अभी सच नहीं मान रही है। साइबर सेल अकाउंट की पूरी तकनीकी जांच कर रहा है।

अकाउंट की भी होगी जांच

पुलिस यह पता कर रही है कि इंस्टाग्राम अकाउंट कब बनाया गया, इसे कौन चला रहा है और इसकी गतिविधियां किन लोगों से जुड़ी हैं। साथ ही CCTV में नजर आए हमलावरों और सोशल मीडिया पोस्ट के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

मौके से 3 खोल बरामद

थाना सराभा नगर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज किया है। घटनास्थल से तीन खाली खोल बरामद हुए हैं।

अब पुलिस CCTV में दिख रहे हमलावरों के हुलिए, कपड़ों, बाइक और उनके भागने के रास्ते के आधार पर पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश, धमकी या कोई दूसरा विवाद तो नहीं था।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें